सनसनीखेज खुलासा: सामूहिक आत्महत्या से पहले मां-बेटी के साथ हुआ था दुष्कर्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शास्त्रीनगर में बुधवार रात हुई व्यापारी योगेश वर्मा, उसकी पत्नी बरखा और बेटी सनाया की मौत की गुत्थी बृहस्पतिवार को बुरी तरह उलझ गई। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों का कहना है कि मौत से पहले मां-बेटी से रेप हुआ था। इसकी पुष्टि उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से की है। इस अंदेशे पर भी जांच की जा रही है कि कहीं तीनों की हत्या तो नहीं हुई। क्योंकि रिपोर्ट में तीनों की मौत के समय में अंतर बताया गया। पूरी तरह गहरा चुके इस राज के बाद अब अहम सवाल यह भी कि आखिर मां-बेटी से फ्लैट में किसने दुष्कर्म किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट चौंकाने वाली आई
शास्त्रीनगर स्थित रूपम एम्पोरियम के मालिक योगेश वर्मा, पत्नी बरखा और नौ साल की बेटी सनाया के शव नौचंदी पुलिस ने फ्लैट के एक कमरे से बरामद किए। इंस्पेक्टर नौचंदी एसके राणा ने प्रारंभिक जांच में बताया था कि योगेश ने पत्नी और बेटी को जहर देकर खुद फांसी लगा ली थी। लेकिन बृहस्पतिवार को तीनों शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट चौंकाने वाली आई। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों के पैनल में शामिल डॉ. वीर सिंह और डॉ. प्रीति गिल ने बताया कि मौत से पहले मां-बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया। महिला चिकित्सक ने मां-बेटी के शव का पोस्टमार्टम करने में करीब चार घंटे लगाए। काफी जांच पड़ताल हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ भी आना बताया गया। उसके बाद चिकित्सकों ने स्लाइड बनाते हुए बिसरा सुरक्षित रखा है। जिसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है।
इन सवालों से उलझी गुत्थी
चौंकाने वाली पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद अहम सवाल यह खड़ा हो गया कि फ्लैट में मां-बेटी से दुष्कर्म किसने किया। मां-बेटी की लाश बेड पर और योगेश की पंखे पर लटकी क्यों मिली। बड़ा सवाल यह भी है कि पत्नी और बेटी को जहर देने के बाद योगेश ने खुद जहर क्यों नहीं खाया। ऐसे कई सवाल इस गुत्थी को और उलझा रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि मां-बेटी की मौत बुधवार दोपहर को हुई, जबकि योगेश की मौत का समय शाम करीब छह से सात बजे बताया गया।
मुंबई से एक दिन पहले आई बरखा
पुलिस के अनुसार करीब ढाई महीने पहले बरखा मुंबई में मेकअप आर्टिस्ट का कोर्स करने गई थी। बरखा की जेठानी अवनी पहले से मुंबई में है। बीते मंगलवार को ही बरखा मुंबई से लौटी थी। जो उसी रात को अपनी बड़ी बहन आंचल के घर लालकुर्ती में रुकी थी। जबकि योगेश अपने घर शास्त्रीनगर में था। बुधवार सुबह दस बजे योगेश ही बरखा को लालकुर्ती से शास्त्रीनगर सेक्टर-6 में अपने किराये के फ्लैट में लाया था। इसके बाद करीब तीन घंटे के अंतकाल में इस फ्लैट में क्या-क्या हुआ, इसका जवाब अभी किसी के पास नहीं है।
सनाया पेपर देकर जल्दी आई थी
सनाया की लाश स्कूल ड्रेस में बेड पर बरखा के पास मिली। स्कूल से आने के बाद बच्चा अक्सर ड्रेस बदल लेता है। जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि घटना दोपहर को हुई है। क्योंकि सनाया का एग्जाम था और वह सुबह 11:30 बजे ही अपने घर पहुंच गई थी। जिसके बाद योगेश अपनी बेटी को स्कूल से फ्लैट में ले गया। जहां मां-बेटी की लाश मिली।
फ्लैट में सब सुरक्षित मिला
फ्लैट के जिस कमरे में पुलिस ने तीनों शव बरामद किए थे, उसके मौका-ए-मुआयने की पुलिस ने वीडियोग्राफी कराई। मां-बेटी की लाश बेड पर और योगेश की लाश पंखे पर लटकी थी। मां-बेटी जिस बेड पर थी, उसकी चादर में सिलवट तक नहीं पड़ी थी। कोई सामान भी इधर से उधर नहीं हिला था। सवाल उठता है कि अगर जहरीला पदार्थ देकर दोनों को मारा जाता, तो मां-बेटी कुछ तो विरोध करतीं। मौत से पहले हाथ पैर तो हिलातीं। यह सवाल भी अहम माना जा रहा है।
सुसाइड नोट पर उठे सवाल
पुलिस ने जो सुसाइड नोट बरामद किया है, उस पर सवाल उठ रहे हैं। सुसाइड नोट को पढ़ने से ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे बहुत जल्दबाजी में लिखा गया हो। योगेश ने इस सुसाइड नोट में अपने परिवार की मौत खुद अपने सिर पर ली है। यह भी लिखा कि बरखा और उसके परिवार को कोई परेशान न करे। मरने का कोई खास कारण सुसाइड नोट में नहीं लिखा। सुसाइड नोट की भी गंभीरता से जांच होने की जरूरत है।