{"_id":"b2ece0feedf36bc365f96f7c7b8972b0","slug":"meerut-crime-news-hindi-news-114","type":"story","status":"publish","title_hn":"तमाशबीन पुलिस, लुटेरों से भिड़ी महिला डॉक्टर","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
तमाशबीन पुलिस, लुटेरों से भिड़ी महिला डॉक्टर
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
Updated Wed, 06 Jan 2016 01:45 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कमिश्नर आवास के सामने मंगलवार दिनदहाडे़ लुटेरों ने कार सवार महिला डॉक्टर से लूटपाट करने की कोशिश की। महिला डॉक्टर साहस दिखाते हुए बदमाशों से भिड़ गई और लूट की वारदात होने से बचा ली। आरोप है कि इस वारदात के दौरान ट्रैफिक का एक दरोगा मौके पर मौजूद था, लेकिन उसने मदद नहीं की।
विज्ञापन
डिफेंस कॉलोनी, गंगानगर निवासी डॉ. अनुरिता सिंह पत्नी डॉ. राजीव सिंह मंगलवार दोपहर तीन बजे अपनी बेटी गौरी को कोचिंग इंस्टीट्यूट छोड़कर शास्त्रीनगर से कार से लौट रही थीं। कमिश्नर आवास के सामने जाम लगा हुआ था। इस दौरान लुटेरों ने दोनों साइड में खड़े होकर महिला डॉक्टर की कार के शीशे पर हाथ मारा।
विज्ञापन
महिला डॉक्टर ने शीशा नीचे उतारा तो एक लुटेरे ने सीट पर रखा बैग और मोबाइल फोन उठा लिया। यह देखकर महिला डॉक्टर ने एक हाथ से लुटेरे का गिरेबान पकड़ा और दूसरे हाथ से कार का होरन बजाते हुए शोर मचा दिया। दोनों लुटेरों ने खुद को घिरा देखा तो मोबाइल फोन और पर्स कार में ही फेंककर झटका मारकर खुद को छुड़ाकर फरार हो गए। महिला डॉक्टर का आरोप है कि इस दौरान उन्होंने चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक दरोगा ओमपाल सिंह को इसकी जानकारी दी। लेकिन दरोगा ने उनकी एक नहीं सुनी। जिसके बाद महिला डॉक्टर ने घर पर आकर अपने पति को घटनाक्रम बताया। बाद में डॉ. राजीव सिंह ने एसएसपी आवास पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
विज्ञापन
बड़ी वारदात होने से बची
महिला डॉक्टर का कहना है कि लुटेरों पर चाकू था, लेकिन तमंचा या पिस्टल नहीं था। अंदेशा है अगर बदमाशों पर तमंचा या पिस्टल होती तो वह खुद को घिरा होने पर उनको गोली मार सकते थे। डॉक्टर का शक है कि पुलिस की मिलीभगत से लुटेरों ने वारदात करने की कोशिश की है।
होरन बजता रहा, पुलिस देखती रही
मेरठ। जिस समय डॉ. अनुरिता की कार जाम में फंसी थी तो अचानक एक युवक ने ड्राइवर साइड का शीशा खटखटाया। एक्सीडेंट होने का ड्रामा करते हुए वह लड़ने लगा। डॉक्टर ने शीशा उतारा तो दूसरी साइड में दूसरे युवक ने शीशे में हाथ मारा। डॉक्टर ने दूसरी साइड का शीशा भी खोल दिया। ड्राइवर साइड में खड़े युवक से महिला डॉक्टर बात करने लगी, तभी दूसरी तरफ खड़े युवक ने कार में हाथ डाल दिया। एक लुटेरे से महिला डॉक्टर लड़ती रही। सामने लगा जाम भी खुल गया और उनकी कार के पीछे लंबी लाइन भी लग गई। डॉक्टर होरन बजाती रहीं और चंद कदमों की दूरी पर खड़े पुलिसकर्मी तमाशबीन बनकर देखते रहे। डॉक्टर ने एक दरोगा और एक होमगार्ड के खिलाफ शिकायत की है।
आज एसएसपी ऑफिस पर प्रदर्शन करेंगे
डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि एसएसपी आवास पर वह शिकायत करने गए थे। लेकिन वहां पर एसएसपी नहीं मिले। एसएसपी के पीआरओ उमेश चंद पचौरी ने बुधवार दोपहर को एसएसपी ऑफिस में मिलने की बात कही है। डॉ. राजीव ने बताया कि बुधवार को वह एसएसपी ऑफिस पर प्रदर्शन करेंगे।