दुल्हन लूट प्रकरण: थाने पर बखेड़ा, गांव में सांप्रदायिक तनाव
मेरठ में भावनपुर क्षेत्र के पचपेड़ा गांव में रविवार रात दूल्हा-दुल्हन से मारपीट, लूटपाट और गाड़ियों में तोड़फोड़ के मामले में सोमवार को भाजपाइयों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इस वारदात के विरोध में भाजपाइयों और ग्रामीणों ने थाना भावनपुर का घेराव कर बखेड़ा किया। थानाध्यक्ष और पुलिसकर्मियों के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, घटना को लेकर दूसरे दिन भी इलाके में सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है।
बागपत के दोघट थाना क्षेत्र के मोजाबाद नागल निवासी ललित शर्मा की शादी रविवार को परीक्षितगढ़ क्षेत्र के अल्लीपुर आलमपुर निवासी योगेंद्र की बेटी मानसी के साथ हुई थी। रविवार रात बारात लौटते समय पचपेड़ा गांव में दुल्हन की तबियत खराब हो गई थी। इस दौरान दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति की दुकान के सामने कार रोकने पर कुछ लोगों ने दुल्हन पर कमेंट कर दिया था। जिसका विरोध करने पर दूसरे समुदाय के युवकों ने दूल्हा-दुल्हन से अभद्रता और मारपीट करने के अलावा दुल्हन से लाखों के आभूषण और नकदी लूट ली थी। बारात की अन्य गाड़ियों में तोड़फोड़ कर बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला बोला था। इस मामले में दुल्हन के भाई की तहरीर पर भावनपुर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, डकैती आदि संगीन धाराओं में केस दर्ज किया था।
इस घटना को लेकर सोमवार को भाजपाइयों के साथ पहुंचे खजूरी, अल्लीपुर, दबथला और कुलीपुर गांव के सैकड़ों लोगों ने भावनपुर थाना घेर लिया। एसओ भावनपुर ऊधम सिंह तालान और पुलिसकर्मियों के खिलाफ नारेबाजी कर दी। सूचना पर एसपी क्राइम डॉ. बीपी अशोक और सीओ सदर देहात चक्रपाणि त्रिपाठी पुलिस और पीएसी के साथ पहुंचे। भाजपा नेताओं और ग्रामीणों ने कहा कि वीडियो फुटेज में जो भी आरोपी वारदात करते नजर आ रहे हैं, उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए। सभी नामजद के अलावा अज्ञात आरोपी भी पहचान कर जेल भेजे जाएं। इस दौरान भाजपा नेता और जिपं. सदस्य रोहताश पहलवान, हरवीर पाल, सुशील कांबोज, लीले वर्मा, सत्यप्रकाश, बलराज, मास्टर गौरव शर्मा, अल्लीपुर गांव से विनय त्यागी, नितिन त्यागी, सोनू, संदीप, प्रदीप, दीपक, वीशू, जयपाल, प्रदीप, अंकित, प्रतीक, अमित, अंकित आदि मौजूद रहे।
एक आरोपी नाबालिग
सीओ सदर देहात ने बताया कि डकैती और बलवे में पुलिस ने आरोपी यूसुफ, रिजवान, इमरान, जियाउल हक और शाहआलम को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। छठा आरोपी नाबालिग है, जिसकी जांच की जा रही है। वहीं, चार अन्य लोगों को भी सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया गया।
पीएसी के साथ दी दबिश
एसपी क्राइम और सीओ सदर देहात ने कई थानों की फोर्स और पीएसी के साथ पचपेड़ा गांव में सपा नेता मो. आरिफ के अलावा कई घरों में दबिश दी। घटना में आरिफ के दो बेटे शादाब और शाहबाज नामजद हैं। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने फोर्स के साथ गांव में पैदल मार्च किया। बाद में पुलिस अधिकारी अल्लीपुर गांव में भी पहुंचे और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/