मेरठ: पूर्व प्रधान और बेटे को गोली मारी, जमकर पथराव और फायरिंग, पुलिस बनी रही तमाशबीन
मेरठ में सरधना के समसपुर सुरानी गांव में शनिवार को नाली निर्माण का विरोध करने पर प्रधान पति ने पूर्व प्रधान और उसके बेटे को गोली मार दी। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। प्रधान पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
समसपुर सुरानी गांव में ग्राम पंचायत और पीएमजेएसवाई के अंतर्गत सड़क व नाली निर्माण का कार्य चल रहा है। जिसमें पूर्व प्रधान अशोक पक्ष का विरोध है कि जिस साइड में नाली नहीं थी, उस तरफ नाली का निर्माण क्यों किया जा रहा है। जबकि वर्तमान प्रधान पति तेजवीर सिंह उर्फ बिल्लू सड़क के दोनों तरफ नाली निर्माण कराना चाहता है। इसी आरोप प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों में शनिवार को गाली-गलौज हो गई। आरोप है कि प्रधान पति ने पूर्व प्रधान अशोक और उसके पक्ष पर गोलियां चला दी। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से पूर्व प्रधान अशोक व उसका बेटा संदीप घायल हो गया।
इसके बाद दोनों पक्षों में पथराव में अशोक की पुत्री पुनीता व उसकी आठ वर्षीय बेटी दिया भी घायल हो गई। दूसरे पक्ष से वर्तमान प्रधान तेजवीर का भतीजा दीपांशु पुत्र कृष्णवीर भी घायल हो गया। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने नाली निर्माण शुरू कराया। सीओ सरधना ने वर्तमान प्रधान पक्ष के लोगों के घर की तलाशी कराई, जिसमें उसकी लाइसेंसी बंदूक, अन्य हथियार, कई कारतूस व खोखे भी बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में प्रधान पति तेजवीर उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार कर लिया। अन्य पांच लोग हिरासत में लिए है। पूर्व प्रधान अशोक की बेटी पुनीता की तहरीर पर पुलिस ने सुरेशपाल और उसके बेटे प्रधानपति तेजवीर व कृष्णवीर तथा दीपांशु पुत्र कृष्णवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पूर्व में भी दोनों पक्षों में कई बार विवाद हो चुका है। एसपी देहात केशव कुमार के अनुसार पीड़ित पक्ष की तरफ से मुकदमा दर्ज कर प्रधान पति को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में कड़ी कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें: शादी समारोह से लौट रहे दो युवकों की हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम
प्रधानी चुनाव को लेकर तनातनी, पुलिस बनी तमाशबीन
प्रधानी चुनाव को लेकर देहात में खून खराबा हो रहा है। सरधना से पहले पिठलोकर गांव में और अब समसपुर सुरानी गांव में खूनी संघर्ष हो गया। कई गांवों में प्रधानी चुनाव को लेकर तनातनी चल रही है। जिसमें पुलिस तमाशबीन बनी हुई है।
छोटे-छोटे मामलों को लेकर देहात में फायरिंग, पथराव हो जाते है। कई मामलों में लोगों की जान भी चली गई। इसके बावजूद भी पुलिस नहीं जाग रही। खासतौर पर सरधना इलाके के कई गांवों में प्रधानी चुनाव को लेकर खूनी संघर्ष चल रहे हैं। जानकारी होने के बावजूद भी पुलिस इसकी रोकथाम के प्रयास नहीं कर पा रही है। कुछ दिन पहले ही पिठलोकर गांव में भी नाली निर्माण को लेकर प्रधान पक्ष और पूर्व प्रधान पक्ष में विवाद हुआ था।
राजनीति हस्तक्षेप के चलते पुलिस ने उक्त मामले में भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जिसका नतीजा है कि समसपुर सुरारी गांव में प्रधान और पूर्व प्रधान पक्ष में खूनी संघर्ष हुआ। सूत्रों की मानें तो सरधना के करीब एक दर्जन गांव में प्रधानी चुनाव को लेकर तनातनी चल रही है। सरधना सर्किल के भदौड़ा और रोहटा गांव समेत एक दर्जन से अधिक गांव में 20 से ज्यादा लोगों की हत्या हो चुकी है। प्रधानी चुनाव में खूनी संघर्ष में राजनीति हस्तक्षेप भी हावी है। जिसके चलते पुलिस आरोपियों पर भी कार्रवाई नहीं कर पा रही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/