यूपी: पहले अपहरण फिर मासूम बच्चे को दी दर्दनाक मौत, अपना ही निकला कातिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के सहारनपुर में छह वर्षीय साहिल की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। साहिल के पिता के चचेरे भाई ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके बालक का शव बरामद कर लिया है। फिरौती वसूलने के लिए साहिल का अपहरण किया गया था।
गागहलहेड़ी के ग्राम बेरीजमा निवासी शाहिद का पुत्र साहिल (छह वर्ष) 20 मार्च को सुबह लगभग नौ बजे खेलते-खेलते लापता हो गया था। दोपहर में उसके गुम होने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस ने बच्चे को तलाशना शुरू कर दिया। गागलहेड़ी पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया गया। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि 20 मार्च की रात पुलिस को सूचना मिली कि साहिल को ले जाने वाला आरोपी अहसान निवासी बेरीजमा गांव के तिराहे पर खड़ा हुआ है। जिस पर पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि आरोपी अहसान से बच्चे के बारे में सख्ती से पूछताछ की गई तो वारदात का खुलासा हो गया। अहसान ने बताया कि वह साहिल को घर से पतंग व माझे का लालच देकर अपने साथ ले गया था। अपहरण करने के बाद चार लाख रुपये की फिरौती मांगने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता होने पर वह फिरौती नहीं मांग सका। इसके बाद साहिल को नागल के ग्राम पंडौली में रेलवे लाइन पर ले गया। जैसे ही ट्रेन आई तभी उसने साहिल को ट्रेन के सामने धक्का दे दिया। ट्रेन जाने के बाद उसने साहिल के शव को खींच कर रेलवे लाइन के पास झाड़ी में फेंक दिया था। पुलिस ने अहसान की निशानदेही पर साहिल का शव बरामद कर लिया। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि अपहरण एवं हत्या का आरोपी अहसान मृतक साहिल के पिता शाहिद का चचेरा भाई है।
गांव में घोषणा कराने के बाद पता चला अपहरण का
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि एक महिला एवं एक किशोर ने पुलिस को सुबह 10 बजे सूचना दी थी कि एक व्यक्ति अपने साथ एक बच्चे को लेकर खेत में घुस गया है। पुलिस ने कांबिंग शुरू कर दी। लेकिन कोई नहीं मिल सका। पुलिस ने अनहोनी की आशंका से आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदा बच्चों के बारे में जानकारी कराई। जिसके बाद ग्राम बेरीजमा में पुलिस ने लाउडस्पीकर से बच्चे के लापता होने के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया। दोपहर लगभग दो बजे साहिल की मां ने बताया कि उनका साहिल सुबह से नहीं मिल रहा है। जिसके बाद पुलिस ने साहिल को तलाशना शुरू किया था।
शाम चार बजे ही कर दी थी हत्या
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि अपहरण करने के बाद अहसान ने साहिल को पहले तो घुमाया, लेकिन जब उसे पता चला कि पुलिस उसके पीछे लग चुकी है तो वह डर गया। पुलिस पूछताछ में अहसान ने बताया कि अहसान को लगा कि वह बच्चे को वापस ले गया तो उसकी पोल खुल जाएगी और नहीं पहुंचा तो उस पर संदेह होगा। जिस कारण उसने साहिल को ट्रेन के सामने फेंक कर हत्या कर दी।
बलि की उड़ गई थी अफवाह
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि बच्चे के गुम होने के बाद होली पर तंत्र-मंत्र के चक्कर में बलि दिए जाने की भी अफवाह उड़ी। कहीं टूटी चूड़ी पड़ी बताईं तो कहीं सिंदूर बिखरा बताया गया। जिस पर पुलिस लगातार दौड़ती रही। गांव में शोक व्याप्त हो गया। कुछ लोग होली भी जलाने में दुख व्यक्त कर रहे थे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/