सोना लूट कांड: एसटीएफ के हत्थे चढ़ा मैनेजर, मोहित हत्याकांड में खाली हाथ पुलिस
सोना लूट कांड
- एसटीएफ ने आरोपी को साथ लेकर पानीपत में मारा छापा
- छह किलो सोना बरामद करने के लिए मेरठ पुलिस लगी
- बेगमपुल स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी से सोना लूट का मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बेगमपुल स्थिम मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में बदमाशों ने 21 फरवरी को दस किलो सोना लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने शुक्रवार को तीन आरोपियों सुशील दादरी, भगत सिंह और दीपक कुमार से चार किलो सोना बरामद किया था तो रविवार को मयंक व विशाल कौशिक निवासी कंकरखेड़ा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। छह किलो सोना बरामद करने के लिए मंगलवार को एसटीएफ मेरठ आरोपी मयंक को साथ लेकर पानीपत पहुंची।
एसटीएफ की टीम ने डिपार्टमेंट स्टोर के मैनेजर बेअंत सिंह को हिरासत में लिया तो इस दौरान लोगों ने बदमाशों द्वारा बेअंत का अपहरण करने का शोर मचा दिया। दरअसल एसटीएफ की टीम सादे कपड़ों में थी। इसकी जानकारी पर बेअंत के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों की एसटीएफ की टीम से भिड़ंत हो गई। लेकिन टीम बेअंत को मेरठ ले आई।
अधिकारियों के अनुसार बेअंत सिंह सोना लूट कांड के आरोपी विपुल निवासी वैष्णो धाम कॉलोनी कंकरखेड़ा का बहनोई है। जांच में सामने आया कि मेरठ से फरार होने के बाद विपुल बेअंत के पास पानीपत में रुका था। आरोपियों से पूछताछ के बाद यह पता चला तो पानीपत में छापा मारा गया। वहीं, बेअंत के परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया है।
सोना बरामद करने की जद्दोजहद
एसपी सिटी मेरठ अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस और एसटीएफ को छह किलो सोना बरामद करना है। एसटीएफ की टीम हर सूचना पर छापेमारी कर रही है। मोदीनगर निवासी वरुण के पास सोना होना बताया था। लेकिन वह भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस भी अपने स्तर से जांच में जुटी है। क्राइम ब्रांच की टीम भी फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
उधर शास्त्रीनगर में डकैती के दौरान व्यापारी मोहित मदान की हत्या का केस और गहरा गया है। तीन दिन बाद भी पुलिस ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। मोहित के माता-पिता और पत्नी से पूछताछ की गई, लेकिन उनसे कोई महत्वपूर्ण जानकारी नहीं मिल सकी। नौचंदी थानाक्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-6 में रविवार को बदमाशों ने मोहित मदान की हत्या कर दी थी।
शव को फंदे पर लटका दिया था। इस दौरान डकैती डाली थी। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को मोहित की पत्नी शिखा, पिता एमएम मदान और मां चंचल से जानकारी ली गई। वहीं तीन लोेगों के मोबाइल की सीडीआर निकाली गई, जिसमें एक करीबी के नंबर पर कई संदिग्ध बातें मिली हैं। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि अभी तक कोई ऐसा सुबूत हाथ नहीं लगा, जिससे हत्यारों का पता चल सके। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।