{"_id":"f8262097e6393f83fa25108236a87daf","slug":"crooks-came-as-clients-11-minutes-robbery-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्राहक बनकर आए बदमाश, 11 मिनट में लूटपाट","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
ग्राहक बनकर आए बदमाश, 11 मिनट में लूटपाट
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
Updated Mon, 19 Oct 2015 12:49 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचायत चुनाव से मिली छूट की खुमारी उतार रही पुलिस को बदमाशों ने रविवार को झटका दे दिया। देवलोक कॉलोनी में दिनदहाड़े सर्राफ की पत्नी से घर में घुसकर चेन और पैंडल लूटकर फरार हो गए। महज 11 मिनट में हुई यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मौके पर पहुंची टीपी नगर पुलिस बदमाशों को पकड़ने के बजाए पीड़ित पक्ष को लूट और छिनैती में अंतर का कानून पढ़ाती रही।
विज्ञापन
देवलोक कॉलोनी निवासी सर्राफ विजय गुप्ता का आबूलेन पर विजय ज्वैलर्स नाम से शोरूम है। उनकी पत्नी रूबी घर में ही ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। रविवार दोपहर करीब 12: 49 बजे काली पल्सर सवार दो बदमाश कॉलोनी में घुसे और सर्राफ के घर के आसपास के दो चक्कर लगाए। इसके बाद दोनों बदमाशों ने घर पहुंचकर आवाज लगाई। रूबी ने अपनी असिस्टेंट को बाहर भेजा तो बदमाशों ने लहंगे के मैचिंग की नेल पॉलिश मांगी। रूबी ने बताया कि लेडीज ब्यूटी पार्लर में जेंट्स की मनाही है, इसलिए उन्होंने अपनी असिस्टेंट के हाथ नेल पॉलिश बाहर ही भेज दी थी।
विज्ञापन
छह मिनट में कर गए वारदात
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में सामने आया कि करीब छह मिनट तक दोनों बदमाश नेल पॉलिश को देखकर टाइम पास करते रहे। इसके बाद उन्होंने बहाना बनाकर रूबी को बाहर बुलाया। असिस्टेंट के अंदर जाते ही एक बदमाश ने बाइक स्टार्ट कर ली। रूबी जैसे ही बाहर की तरफ आईं तो दूसरे बदमाश ने अंदर घुसकर रूबी के गले पर झपट्टा मारकर चेन लूट ली। रूबी के विरोध करने के बावजूद बदमाश ने उनका पैंडल भी लूट लिया। जब तक रूबी शोर मचाकर लोगों को बुलातीं, बदमाश दौड़ते हुए बाइक पर बैठा और दोनों बदमाश फरार हो गए। सूचना पर सर्राफ घर पहुंचे और कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी।
विज्ञापन
आठ दिन पहले भी की लूट
सर्राफ विजय ने बताया कि आठ दिन पहले भी काली पल्सर सवार युवकों ने मोहल्ले में एक महिला से चेन लूट ली थी। महिला घर के बाहर खड़ी थी। बाइक पर मोबाइल फोन पर बात करते हुए युवक आए और चेन लूटकर फरार हो गए।
लूट नहीं छिनैती की दो तहरीर
दोपहर करीब एक बजे हुई इस घटना के बावजूद टीपीनगर पुलिस शाम तक तहरीर में ही उलझी रही। विजय गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। कहा कि ये लूट नहीं है। बदमाश तो महिला से चेन छीनकर भागे हैं। इसके बाद विजय ने चेन छीनने की बात लिखकर तहरीर दी। एसओ टीपीनगर प्रशांत कपिल का कहना है कि यह लूट नहीं, छिनैती का केस है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।