{"_id":"4c554eb79b5e7a5480ad10628e186eca","slug":"communal-disturbance-in-meerut-hindi-news-5","type":"story","status":"publish","title_hn":"ब्रह्मपुरी की छतों पर फिर बवाल के पत्थर ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
ब्रह्मपुरी की छतों पर फिर बवाल के पत्थर
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
Updated Tue, 17 Nov 2015 01:50 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ब्रह्मपुरी थाने से सटी सैनी वाली गली और पूर्वा इलाही बख्श में दोबारा सांप्रदायिक बवाल होने का अंदेशा जताया गया है। खुफिया विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, एक समुदाय के लोगों में तनाव है, जो बदला लेने की जिद पर अड़ा है। वहीं, रविवार को घरों की छतों से उतरवाए गए ईंट-पत्थर लोगों द्वारा फिर से इकट्ठा करने की सूचना मिली है। इसकी जानकारी पर अफसरों ने पांचवें दिन भी पुलिस और पीएसी का पहरा बरकरार रखा। पुलिस दोनों समुदाय के लोगों में सुलह कराने की कोशिशों में लगी है।
विज्ञापन
विगत बृहस्पतिवार गोवर्धन पर पटाखे फोड़ने पर शंकर और हनीफ में विवाद के बाद सांप्रदायिक टकराव हुआ था। शुक्रवार दोपहर फिर सांप्रदायिक बवाल हो गया था। जिसके बाद से तनाव बरकरार है। समाज के जिम्मेदार लोग और पुलिस-प्रशासन कई बार शांति समिति की बैठक कर चुके हैं, लेकिन हालात ठीक नहीं हैं।
विज्ञापन
शनिवार को ड्रोन से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने रविवार को घरों की छतों से भारी मात्रा में ईंट-पत्थर बरामद किए गए थे। इसके दूसरे दिन (सोमवार को) पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोगों ने फिर से अपने घरों की छतों पर ईंट-पत्थर जमा कर लिए हैं। इसे लेकर पुलिस महकमे में खलबली मची है।
विज्ञापन
उधर, खुफिया विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, इलाके में दोबारा बवाल हो सकता है। इसे देखते हुए पांचवें दिन भी आरएएफ, पीएसी और पुलिस का पहरा लगा रहा। दोनों मोहल्लों को चार भागों में बांटा गया है। चार प्वाइंट बनाकर पुलिस गश्त कर रही है। लोगों में दहशत का माहौल अब भी कायम है। सोमवार को भी महिलाएं और बच्चे दिनभर अपने घरों में कैद रहे।
युवक अपने घर छोड़कर गायब
दोनों समुदाय के अधिकांश युवक अपने घरों से गायब हैं। लोगों को अंदेशा है कि इन युवकों के लौटने पर एक बार फिर बवाल हो सकता है। बता दें कि बवाल की वजह एक पक्ष के साथ मारपीट बनी थी, जिसने बदला लेने का एलान किया था। इसका पता पुलिस को भी है। इसके चलते ही पुलिस चौकन्नी है। पुलिस अफसरों ने थाना पुलिस को चेतावनी दी है कि दोबारा बवाल हुआ तो उनके खिलाफ ही कार्रवाई होगी।
चुनाव से मुक्त ब्रह्मपुरी पुलिस
प्रधानी चुनाव को देखते हुए शहर के सभी थानेदारों की ड्यूटी देहात क्षेत्र में लगा दी गई है। लेकिन, ब्रह्मपुरी इलाके में बवाल का अंदेशा होने के चलते एसएसपी ने ब्रह्मपुरी थाना पुलिस को चुनावी ड्यूटी से मुक्त रखा है। एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि ब्रह्मपुरी पुलिस 24 घंटे अपने इलाके की निगरानी करेगी। जरूरत के अनुसार फोर्स भी दी गई है।