खौफनाक थी वारदात: डबल मर्डर में छह साल बाद मुकदमा, मोस्ट वांटेड बद्दो से जुड़े तार, एसपी क्राइम करेंगे जांच
मेरठ में डबल मर्डर के मामले में छह साल बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। वहीं दोहरे हत्याकांड के तार कुख्यात बदन सिंह बद्दो से जुड़ रहे हैं। अब इस मामले में की जांच एसपी क्राइम को सौंपी गई है।
विस्तार
मेरठ में कुख्यात प्रवीण शर्मा और राजीव उर्फ टुर्री के दोहरे हत्याकांड में छह साल बाद पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनय त्यागी और उसके भाई मोनू त्यागी के खिलाफ ब्रह्मपुरी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। एफआईआर में विनय त्यागी को मोस्ट वांटेड बदन सिंह बद्दो का करीबी बताया गया है। बद्दो का नाम सामने आने पर क्राइम ब्रांच की टीम एक्टिव हो गई है।
ब्रह्मपुरी में शातिर अपराधी प्रवीण शर्मा ने सन्नी उर्फ कालिया के साथ 2014 में कसिनो के विवाद में तीन दोस्तों करण चौधरी, आकाश और गोलू वर्मा की हत्या की थी। तभी से प्रवीण और राजीव उर्फ टुर्री लापता हैं। योगेंद्र भारद्वाज ने भाई राजीव के अपहरण का अंदेशा जताया था, लेकिन पुलिस ने अप्रैल 2015 में गुमशुदगी दर्ज की। योगेंद्र का कहना है कि उन्होंने पुलिस को कई बार बताया था कि विनय त्यागी और मोनू त्यागी ने उसके भाई की हत्या कर दी है। देहरादून के प्रेमनगर थाना पुलिस का दावा है कि 2017 में विनय त्यागी ने पूछताछ में स्वीकार किया था कि उसने प्रवीण और राजीव की हत्या कर शव काली नदी में पत्थर बांधकर डाल दिए।
एसपी क्राइम करेंगे जांच
यह प्रकरण काफी पुराना और गंभीर है। मुकदमा दर्ज हो गया है। एसपी क्राइम को जांच सौंपी है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। - प्रभाकर चौधरी, एसएसपी
यह भी पढ़ें: पति-पत्नी की मौत: घर से एक साथ उठीं अर्थी तो हर किसी की आंखें हुईं नम, बेटे ने एक ही चिता पर दी मुखाग्नि, तस्वीरें
ढाई लाख के इनामी बद्दो का कनेक्शन जुड़ते ही पुलिस सक्रिय
दोहरे हत्याकांड में नामजद विनय त्यागी और उसके भाई मोनू त्यागी का कनेक्शन ढाई लाख के इनामी बद्दो से जुड़ने की बात सामने आते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। अब मामले की जांच एसपी क्राइम को सौंपी गई है। बद्दो की तलाश में क्राइम ब्रांच पहले से ही है। बद्दो से जुडे़ लोगों में पुलिस ने विनय का नाम भी शामिल किया है।
तीन दिन पहले प्रकाशक योगेंद्र भारद्वाज एसएसपी से मिले। उन्होंने एक शिकायती पत्र देकर कहा कि नेताओं के दबाव में छह साल से उनके भाई राजीव की हत्या का मामला दर्ज नहीं हुआ। आरोपी उनके भाई की हत्या करना कबूल कर चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस मानने को तैयार नहीं है। योगेंद्र ने कहा कि विनय त्यागी सत्ताधारी नेताओं के साथ रहता है। उसके नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। शिकायती पत्र में पूर्व ब्लॉक प्रमुख के मोस्ट वांटेड बद्दो से संबंध होना लिखा था। इसके चलते एसएसपी ने पूरी जानकारी ली और मुकदमा दर्ज कराया।
यह भी पढ़ें: बड़ी कार्रवाई: कबाड़ी हाजी गल्ला की पांच करोड़ की संपत्ति जब्त, मुनादी के बाद अफसरों ने लगाई मकान-गोदाम पर सील
योगेन्द्र ने अपने भाई के लापता होने के बाद पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र दिखाए। कोर्ट में भी अपील करने की बात कहीं। सारे शिकायती पत्र एसएसपी ने पढ़े। योगेंद्र ने यह बताया कि देहरादून के प्रेमनगर थाने की जीडी की कॉपी भी मेरठ पुलिस को दी है। जीडी में लिखा गया था कि विनय त्यागी ने कुबूल किया है कि कुख्यात प्रवीण शर्मा व राजीव की हत्या कर दी। इसके बाद उसने प्रवीण का शव गढ़ रोड स्थित काली नदी में पत्थर से बांधकर फेंक दिया था।