घर से फोन कर बुलाया... मुंह में तमंचा ठूंसकर मार दी गोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ के जयदेवी नगर (शास्त्रीनगर) में शनिवार रात नई सड़क के पास सनसनीखेज वारदात हो गई। एक युवक की मुंह में तमंचा ठूंसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। करीब आधे घंटे तक युवक लहूलुहान हालत में गली में पड़ा रहा। सूचना पर पहुंचे परिजन युवक को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात तक पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी थी।
पुलिस के अनुसार नौचंदी थानाक्षेत्र अंतर्गत जयदेवी नगर कोमल (35) पुत्र जय किशन सूरजकुंड पर एक स्पोर्ट्स की दुकान में काम करता था। शनिवार को भैया दूज पर कोमल अपनी पत्नी मोनिका को लेकर शेरगढ़ी स्थित ससुराल गया था। शाम करीब सात बजे दंपति घर लौटा था। कोमल घर पर खाना खा रहा था, तभी उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। जिसे सुनकर कोमल घर से निकला था। रात करीब 10:15 बजे मोहल्ले के एक युवक ने बताया कि कोमल विशाल मेगामार्ट के बराबर वाली जयदेवीनगर गली नंबर-9 में सड़क पर पड़ा है।
सूचना पर परिजन वहां पहुंचे और लहूलुहान हालत में कोमल को लोकप्रिय हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि कोमल के मुंह में तमंचा ठूंसकर गोली मारी गई, जो सिर के पीछे से निकल गई। पुलिस ने शव से करीब 10 कदम की दूरी पर पड़ा तमंचा बरामद कर लिया।
पढ़ें : दिवाली की रात खूनी संघर्ष, बरसाई गोलियां, दो की मौत-पांच घायल
आत्महत्या दर्शाने का प्रयास
जिस तरह से कोमल के शव से करीब दस कदम की दूरी पर हत्यारे तमंचा फेंककर गए, उससे अंदेशा है कि आरोपियों ने इसे आत्महत्या दर्शाने का प्रयास किया। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि गोली लगने के बाद कोमल और आरोपियों में खींचातानी हुई, इसी दौरान तमंचा छूट गया होगा। लोगों में कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं।
परिजनों में मचा कोहराम
कोमल अपने पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। कोमल की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी मोनिका, मां विमलेश, भाई मोनी, गौरव, कुक्कू व बहन प्रीति का रो रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने कहा कि कोमल को घर से बुलाकर उसकी हत्या की गई। पुलिस इसकी गंभीरता से जांच करे।
कई बिंदुओं पर जांच
एसपी सिटी मान सिंह चौहान के अनुसार पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। कोमल का किसी से कोई झगड़ा होना भी परिजनों ने नहीं बताया। वह ससुराल से पत्नी के साथ शाम को लौटा था। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देख रही है।
शव रखकर गढ़ रोड किया जाम
डॉक्टरों द्वारा कोमल की मौत की पुष्टि करते ही परिजनों और मोहल्ले के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने कोमल के शव को हॉस्पिटल से उठाकर सड़क पर रखकर गढ़ रोड जाम कर दी। इसकी जानकारी लगने पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसपी सिटी, सीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान हंगामा हो गया, जिस पर पुलिस ने परिजनों और लोगों को शांत करते हुए वारदात का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/