{"_id":"a1c94e25a2d41b7101c2dcfb565cdebf","slug":"bjp-mla-sangeet-som-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"आईएसआईएस ने दी संगीत सोम को धमकी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
आईएसआईएस ने दी संगीत सोम को धमकी
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
Updated Sun, 27 Dec 2015 01:35 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा से सरधना विधायक संगीत सोम को शनिवार को फिर धमकी भरी कॉल आई। धमकी देने वाले ने खुद को आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया) का आतंकी बताया। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि दक्षिण अमेरिकी देश चिली से इंटरनेट कॉल के जरिये धमकी दी गई। विधायक ने अधिकारियों से इस मामले की शिकायत करते हुए सरधना थाने में तहरीर दी है। खुफिया विभाग और पुलिस जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
विधायक संगीत सोम शनिवार सुबह करीब नौ बजे अपने कैंप कार्यालय (सरधना) में समर्थकों से बात कर रहे थे। तभी विधायक के सीयूजी नंबर पर कॉल आई, जिसे पीए विकास ने रिसीव किया। फोन रिसीव करते ही धमकी मिलने लगी। विकास ने फोन विधायक को दे दिया। विधायक का कहना है कि धमकी देने वाला अंग्रेजी और हिंदी में बात कर रहा था और उसने खुद को आईएसआईएस का आतंकी बताया।
विज्ञापन
विधायक ने भी सख्त लहजे में बोलना शुरू कर दिया। करीब एक मिनट तक फोन पर दोनों में कहासुनी हुई, जिसके बाद फोन काट दिया गया। विधायक ने इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दी। आईएसआईएस से संगीत सोम को धमकी मिलने की सूचना पर खुफिया विभाग में खलबली मच गई। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दक्षिण अमेरिकी देश चिली से इंटरनेट कॉल के जरिये विधायक को धमकी दी गई है।
विज्ञापन
इस मामले की जांच साइबर सेल से कराई जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर पड़ताल में जुटी है। बता दें कि इससे पहले भी संगीत सोम को दो बार धमकियां मिल चुकी हैं। एक बार जानलेवा हमला हो चुका है।
‘प्रधानमंत्री की गोद में जाकर बैठ जाओगे, तब भी नहीं बचा पाओगे’
संगीत सोम को पहले भी धमकियां मिलती रही हैं। इसी कारण केंद्र सरकार ने उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मुहैया करा रखी है। लेकिन इस बार तो हद हो गई। बकौल विधायक, फोन करने वाले ने कहा कि हम कोई काम छिपकर नहीं करते, ऐलान करके करते हैं। हमारे लड़ाके तुम्हें मारने के लिए निकल पड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गोद में जाकर बैठ जाओगे, तब भी नहीं बच पाओगे। पुलिस को तीन घंटे यह पता लगाने में लग गए कि इंटरनेट कॉल दक्षिण अमेरिकी देश चिली से आई है।