दुष्कर्म पीड़िता ने कलेक्ट्रेट में की आत्मदाह की कोशिश, छूटे अधिकारियों के पसीने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सपा नेता समेत नौ आरोपियों की गिरफ्तार नहीं होने से दुखी पीड़ित महिला और उसके परिजनों ने कलक्ट्रेट गेट पर केरोसिन छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। पुलिस से उसकी हाथापाई भी हुई। पुलिस ने माचिस और केरोसिन की बोतल छीनकर हालात पर काबू पाया। पुलिस महिला के देवर को पकड़ कर ले गई। डीएम व एसपी ने पीड़ित को दस दिन में जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़ित ने कहा यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आत्महत्या करेगी। मामला यूपी के बागपत जनपद का है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले से 12 जनवरी को चार लोगों पर महिला के अपहरण का आरोप है। आरोप है कि महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। सुनसान जगह ले जाकर तीन लोगों ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ित ने सपा नेता डॉ. रियासत अली, नूर मोहम्मद, चांद, सलमान, तसलीम, सलीम, इम्त्याज अली, सलीम अली व एक अज्ञात के खिलाफ धारा 376 डी, 364, 328 आईपीसी में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज पीड़ित महिला अपने परिजनों के साथ सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंची। कलक्ट्रेट के गेट पर देवर ने महिला सहित परिवार के सभी लोगों के ऊपर केरोसिन छिड़क लिया और माचिस से आग लगाने की कोशिश की।
वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने माचिस और केरोसिन की बोतल छीनने लगी तो पुलिस से पीड़ित परिवार की हाथापाई हुई। पुलिस पर आरोपियों से मिला होने का आरोप लगाया। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह को पकड़कर नीचे गिरा लिया। पुलिस ने किसी तरह माचिस व केरोसिन की बोतल छीन कर हालात पर काबू पाया। पुलिस महिला के देवर को पकड़ कर ले गई। एक घंटे तक कलक्ट्रेट में हंगामा किया। एसपी शैलेश कुमार पांडेय भी कलक्ट्रेट पहुंचे। बाद में पीड़ित से डीएम ऋषिरेंद्र कुमार, एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बात की। डीएम ने आश्वासन दिया कि दस दिन में पूरे प्रकरण की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महिला ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्महत्या कर लेगी। इसके बाद पीड़ित परिवार घर वापस लौट गया।
यह था मामला-
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में 12 जनवरी को 10-12 लोगों ने घर में घुसकर परिवार पर हमला किया। घर में तोड़फोड़ कर महिला को उठाकर ले गए। तमंचे के बल पर महिला को गाड़ी में बैठाया और पानी में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। उसे सुनसान जगह ले गए और तीन दिन तक उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। 14 जनवरी की रात को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सिसाना गांव के पास होटल के बाहर फेंक कर आरोपी भाग गए। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया। महिला की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
आरोप बना रहे समझौते का दबाव
सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुले घूम रहे हैं। पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। उनका घर से भी निकलना मुश्किल कर दिया है। पुलिस आज तक भी पीड़ित के घर पर नहीं गई। आरोपियों के घर से वापस लौट जाती है। उन्होंने एसपी से लेकर डीआईजी तक न्याय दिलाने की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं।
जांच के लिए गठित की जाएगी टीम - डीएम
डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी जानकारी में पूरा मामला आ गया है। अपने स्तर से टीम गठित कर जांच कराई जाएगी। जांच आने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस कर रही है जांच - एसपी
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया हुआ है। पुलिस जांच कर रही है। दुष्कर्म के मामले में बिना जांच के किसी को जेल नहीं भेज सकते। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/