ईवीएम की सुरक्षा में रखे गए लंगूर मालिक की हत्या, प्रत्याशियों में मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले में विधानसभा चुनाव होने के बाद ईवीएम की सुरक्षा को लेकर कताई मिल में पैरामिलेट्री फोर्स के अलावा मजिस्ट्रेट और पुलिस की गार्द तैनात की हुई है। कताई मिल परिसर में बंदर भगाने के लिए दो लंगूरों के मालिक को भी तैनात किया था। पैरामिलेट्री फोर्स के रहते हुए लंगूर मालिक की हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार शाम को गटर में नग्न हालत में शव मिला तो सनसनी फैल गई। पुलिस और प्रशासन के तमाम अधिकारी घटना स्थल पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों आंख और सिर में चोट के निशान मिले हैं। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी तलाशी जा रही है। इस बीच भाजपा और बसपा के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए है और उनका कहना है कि इस मामले की सही ढंग से जांच हो।
मेडिकल थाना क्षेत्र के कालियागढ़ी निवासी किशनलाल (52) का लंगूर पालने का पेशा है, जिसके पास दो लंगूर थे। विधानसभा चुनाव के बाद ईवीएम को परतापुर क्षेत्र स्थित कताई मिल में रखा है। जहां ईवीएम की सुरक्षा में एक प्लाटून पैरामिलेट्री फोर्स के सीआईएसएफ के जवान तैनात हैं। साथ ही मजिस्ट्रेट के अलावा पुलिस की गार्द भी ड्यूटी लगाई गई है। बृहस्पतिवार को मिल परिसर में किशनलाल नहीं मिला, तो मजिस्ट्रेट ने फोर्स के जवानों से पूछा। इस दौरान अफसरों और फोर्स में हड़कंप मच गया। परतापुर, सीओ ब्रहमपुरी धर्मेन्द्र चौहान भी पहुंच गये। डॉग स्कवायड ने डेढ़ घंटे तक तलाश किया, जिसके बाद शव मिल परिसर में गटर में नग्न हालत में मिला। किसी तरह शव को बाहर निकाला गया। शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था, दोनों आंख के पास नील पड़े हुए थे, कपड़े दूर रखे मिले, वहीं मोबाईल भी कपड़ों से कुछ दूरी पर पड़ा मिला। एक लंगूर भी गायब है। पुलिस शव को मेडिकल इमरजेंसी लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत का पता चलते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का मोर्चरी पर रोकर बुरा हाल था।
किसी को घुसने की इजाजत नहीं
कताई मिल में ईवीएम की सुरक्षा को लेकर पैरामिलेट्री फोर्स तैनात है। बाहर के किसी भी व्यक्ति को घुसने की इजाजत नहीं है। मिल परिसर में घुसने पर जिला प्रशासन द्वारा गोली मारने के निर्देश दिए गये थे। गायब लंगूर को लेकर भी तलाश चल रही है।
प्रथम दृष्टा यह एक हादसा है। बिल्डिंग में बंदर भगाने के दौरान गटर में गिरने का मामला लग रहा है। हो सकता है कि कपड़े निकालकर बाहर फेंक दिए हो। सिर में गंभीर चोट लगी हुई मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले का पता चल सकेगा। आलोक प्रियदर्शी, एसपी सिटी