ताबड़तोड़ वारदातों से थर्राया मेरठ, बैंक में लूट व फायरिंग से लेकर 10 रूपये के लिए युवक की हुई हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में शनिवार को ताबड़तोड़ वारदातों से जंगलराज जैसे हालात दिखे। पॉश कॉलोनी, बैंक और हाईवे पर डकैती, दो लोगों की हत्या और लूटपाट की एक के बाद एक सनसनीखेज घटनाओं से दहशत फैल गई। बदमाशों ने अयोध्या प्रकरण में आए फैसले के बाद से जारी अलर्ट के दावों की भी पोल खोलकर पुलिस को एक बार फिर से खुली चुनौती दी है-
मोहकमपुर, पीएनबी नकाबपोश बदमाशों ने बैंक पर बोला धावा, लूटपाट-फायरिंग
दिल्ली रोड स्थित मोहकमपुर में मेवला क्रॉसिंग के पास चार बदमाशों ने शनिवार दिनदहाड़े पंजाब नेशनल बैंक की स्पोर्ट्स कांप्लेक्स शाखा पर धावा बोल दिया। गार्ड को गनप्वाइंट पर लेकर मैनेजर और स्टाफ को बंधक बना लिया। अलार्म बजने पर बदमाशों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गार्ड रोहित कुमार से दुनाली बंदूक और बैंक में बीमा संबंधी काम देखने वाले आशीष गोयल से बैग लूटकर भाग निकले।
दो बदमाशों ने हेलमेट लगाया हुआ था, जबकि दो ने चेहरे पर रुमाल बांधा हुआ था। सूचना वायरलेस से फ्लैश हुई तो बिजली बंबा बाईपास से नूरनगर रोड मोड़ पर दो सिपाहियों आदेश पुंडीर, सुधीर ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। नूरनगर स्थित अंडरपास में बदमाश दो बाइक छोड़कर फरार हो गए। वारदात में एक बदमाश कोतवाली क्षेत्र का शाहरूख बताया गया है।
यह भी पढ़ें: कितने बेखौफ हैं बदमाश, स्कूल संचालक की बेरहमी से हत्या, देखें घटनास्थल की तस्वीरें
गगन विहारडकैती के दौरान स्कूल संचालक की हत्या, बदमाश फरार
टीपीनगर इलाके की पॉश कॉलोनी गगन विहार में शुक्रवार आधी रात हथियारबंद बदमाशों ने डकैती के दौरान स्कूल संचालक की हत्या कर दी। वे दिव्यांग थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस स्कूल संचालक के करीबियों में कातिलों को ढूंढ रही है।
टीपीनगर थानाक्षेत्र के गगन विहार कॉलोनी में अजय मलिक उर्फ बिट्टू (38) पुत्र सेंसर पाल घर में ही कमलेश पब्लिक स्कूल के नाम से किड्स स्कूल चलाते थे। स्कूल की ऊपरी मंजिल पर उनका परिवार रहता है। अजय की पत्नी रचना के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 1:45 बजे तीन बदमाश ताला तोड़कर घर में घुस गए।
अजय ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सेंसर पाल के मुताबिक शोर सुनकर अजय के कमरे में पहुंचे तो बदमाशों ने उन पर भी चाकू से हमला किया। बदमाश सेफ में रखे जेवर और नकदी लूटकर बाहर खड़ी बाइक से फरार हो गए। घायल पिता-पुत्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: कितने बेखौफ हैं बदमाश, स्कूल संचालक की बेरहमी से हत्या, देखें घटनास्थल की तस्वीरें
हाईवे पर महिलाओं से लूटपाट, बच्चे को फेंका
दस रुपये के विवाद में युवक को चाकू से गोदकर मार डाला
ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र के नूरनगर में 10 रुपये के विवाद में शनिवार की रात एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। युवक सड़क पर तड़पता रहा और लोग पुलिस को फोन करते रहे। 30 मिनट देरी से पहुंचने पर लोगों का गुस्सा फूट गया। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा।
पुलिस के मुताबिक मवापुरी नूरनगर निवासी प्रवीण कुमार (21) पुत्र देवेंद्र कुमार कार पेंटर था। प्रवीण के चाचा कलवा पर उसके दोस्त बंटी के 10 रुपये बकाया थे। बंटी को कलवा मजदूरी पर लेकर गया था। बंटी ने कलवा से कई बार अपने दस रुपये मांगे। लेकिन वह उसको टरका देता था। शनिवार रात आठ बजे बंटी फिर कलवा के घर पहुंचा।
दोनों में कहासुनी हो गई। बंटी और कलवा दोनों बहस करते हुए घर के बाहर आ गए। गाली गलौज होने पर प्रवीण दोनों में बीचबचाव कराने आ गया। इस बीच बंटी ने प्रवीण पर चाकू से प्रहार कर दिया, जिसमें प्रवीण की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस के पहुंचने से पहले लोग प्रवीण को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि दस रुपये के विवाद में हत्या हुई है। आरोपी बंटी के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
24 घंटे में खोलेंगे वारदात
बैंक में लूट की घटना हमारे लिए चुनौती है। बैंक में गार्ड से बंदूक छीनी है। कई महत्वपूर्ण क्लू मिले हैं। स्कूल संचालक हत्याकांड का खुलासा 24 घंटे में कर देंगे। युवक की हत्या में नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी की तलाश जारी है। - अजय साहनी, एसएसपी
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/