फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   BJP leader who filed FIR on rahul gandhi aurangabad bihar police arrested in threaten to murder case

बिहार: पूर्व सांसद के कार्यालय प्रतिनिधि पर कार्रवाई, भाजपा जिला प्रवक्ता को दी थी हत्या की धमकी

Mon, 26 Oct 2026 08:09 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद Published by: अमर उजाला ब्यूरो Updated Mon, 26 Oct 2026 08:09 PM IST
सार

औरंगाबाद में भाजपा के जिला प्रवक्ता जितेंद्र गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने और गाली-गलौज करने के आरोप में पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह के कार्यालय प्रतिनिधि मृत्युंजय कुमार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 

विज्ञापन
BJP leader who filed FIR on rahul gandhi aurangabad bihar police arrested in threaten to murder case
राहुल-प्रियंका पर केस कराने वाले भाजपा नेता पर FIR।

विस्तार

कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने से चर्चा में रहे औरंगाबाद के भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह के कार्यालय प्रतिनिधि मृत्युंजय कुमार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला भाजपा के औरंगाबाद जिला प्रवक्ता जितेंद्र गुप्ता को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी देने और गाली-गलौज करने से जुड़ा है। मामले में औरंगाबाद नगर थाना की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

विज्ञापन

कहा- जहां हो, वहीं मार देंगे
पीड़ित शहर के शाहपुर पोखरा मोहल्ला निवासी भाजपा के जिला प्रवक्ता जितेंद्र गुप्ता ने औरंगाबाद नगर थाना में दिए गए शिकायत आवेदन में कहा है कि उनके मोबाइल नंबर 8541816151 पर 6200127373 से फोन आया। फोन करने वाले ने उल्टा-सीधा बोलते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और धमकी दी कि जहां हो, वहीं मार देंगे। बार-बार फोन कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। फोन करने वाला कह रहा था कि अभी तुम जहां हो, बताओ। बेटा, जहां मिलोगे, आज तुम्हें जान से मार देंगे।

विज्ञापन

प्राथमिकी के आवेदन में पीड़ित ने कहा है कि वह सीधे-सादे व्यक्ति हैं और स्वतंत्र सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उनका किसी विवाद से कोई संबंध नहीं है। इस धमकी से वह और उनका पूरा परिवार भयभीत है।

विज्ञापन
विज्ञापन

थाने में भी भाजपा नेता ने किया हंगामा
पीड़ित के अनुसार, जब वह औरंगाबाद नगर थाना में मामले की शिकायत करने पहुंचे, तो आरोपी भाजपा नेता मृत्युंजय कुमार सिंह भी थाने पहुंच गए। वहां उन्होंने गाली-गलौज की और बार-बार उन्हें मारने के लिए दौड़े। इस दौरान भाजपा नेता ने थाने में भी काफी हंगामा किया। आरोप है कि उन्होंने बार-बार धमकी देते हुए कहा कि जेल से छूटकर आने के बाद हत्या करवा देंगे।

ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में शराब के नशे में धुत पाए गए भाजपा नेता
मामले में पुलिस ने तत्काल आरोपी भाजपा नेता का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया। जांच में 327.6 एमजी/100 एमएल अल्कोहल की पुष्टि हुई। यानी जांच के दौरान भाजपा नेता शराब के नशे में पाए गए। भाजपा के जिला प्रवक्ता की शिकायत पर बीएनएस की धारा 352, 351(1) और बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम, 2022 की धारा 37 के तहत औरंगाबाद नगर थाना में प्राथमिकी संख्या 701/26 दर्ज की गई है।

नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

राहुल-प्रियंका और राजेश कुमार के खिलाफ दर्ज कराई थी प्राथमिकी
गौरतलब है कि भाजपा नेता मृत्युंजय कुमार सिंह ने वर्ष 2025 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार और तत्कालीन औरंगाबाद सदर विधायक आनंद शंकर सिंह के खिलाफ औरंगाबाद नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

प्राथमिकी में कहा गया था कि चार अगस्त 2025 को उन्होंने अपने मोबाइल पर एक व्हाट्सऐप स्टेटस में वीडियो देखा था। इसमें एक मस्जिद की तस्वीर, एक युवक की आवाज और महिलाओं से 'योजना फॉर्म' भरने की अपील की गई थी। वीडियो में युवक कहता है, 'औरंगाबाद की मां-बहनों को हर माह 2500 रुपये मिलेंगे। चाहे गोरी हो या काली-कलूटी, हर लड़की इस फॉर्म को भर सकती है।'

वीडियो में दिखाई देने वाले फॉर्म पर कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें थीं। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इस तरह की भ्रामक और अपमानजनक भाषा के जरिए जनता को धोखा देने, चुनाव को प्रभावित करने और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्राथमिकी में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कुटुंबा के विधायक एवं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, औरंगाबाद सदर विधायक आनंद शंकर सिंह सहित वीडियो में दिखाई देने वाले अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया था।

शिकायत में भाजपा नेता ने आरोप लगाया था कि वीडियो के जरिए महागठबंधन के नेताओं की छवि का इस्तेमाल कर एक कथित झूठी सरकारी योजना का प्रचार किया गया, जबकि सरकार की ओर से ऐसी कोई योजना नहीं चलाई जा रही थी। इसी आरोप के आधार पर उन्होंने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद से ही मृत्युंजय कुमार सिंह चर्चा में आ गए थे।
 

शिकायतकर्ता भाजपा के जिला प्रवक्ता व आरोपी भाजपा नेता

 

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed