Covid Alert in Meerut: स्वास्थ्य विभाग का दावा, हर परिस्थिति से निपटने को पर्याप्त इंतजाम
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। वहीं मेरठ में स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि उनके पास हर परिस्थिति से निपटने के पूरे इंतजाम हैं। वहीं अब तक 29 लाख से ज्यादा लोग दूसरी डोज भी लगवा चुके हैं।
विस्तार
कोविड के मद्देनजर प्रदेश सरकार की ओर से चेतावनी और गाइडलाइन जारी होने के बाद मेरठ में भी स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि हर परिस्थिति से निबटने के लिए उनके पास पर्याप्त इंतजाम हैं।
सीएमओ डॉ अखिलेश मोहन ने बताया कि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। विदेश की यात्रा से लौटे लोगों की जांच कराई जाएगी। कोविड संक्रमितों को भर्ती करने और ऑक्सीजन की पूरी व्यवस्था है।
यह भी पढ़ें: Meerut: कोहरा नहीं कम, शीत लहर भी दिखाएगी असर, अभी और बढ़ेगा सर्दी का सितम, पढ़ें-कब मिलेगी राहत
मरीजों के इलाज के लिए 12 ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, 26 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एक शासकीय मेडिकल कॉलेज, दो निजी मेडिकल कॉलेज, एक जिला अस्तपाल और एक महिला अस्तपाल सक्रिय हैं।
शासकीय चिकित्सालयों में 1130 बेड और निजी चिकित्सालयों में 1764 बेड उपलब्ध हैं। एल-1 वन फैसेलिटी में 40, एल-दो में 585, एल-थ्री में 100, और नवजात शिशु के लिए 164 बेड हैं। 13 शासकीय ऑक्सीजन प्लांट और 14 निजी ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील हैं, इसके अलावा पांच लीटर क्षमता वाले ऑक्सीजन कंन्सनट्रेटर की संख्या 344 एवं 10 लीटर वाले कंन्सनट्रेटर 247 उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि आईसीसीसी को पुन: क्रियाशील कर दिया जाएगा। जिला कोविड प्रबंधन कमेटी पूर्व से क्रियाशील है। कोरोना के केसों में वृद्धि के साथ ही समस्त स्वास्थ्य इकायों को एक्शन प्लान के साथ सक्रिय कर दिया जाएगा। ग्रामीण स्तर पर 30 कोविड जांच टीम एवं नगरीय स्तर पर 52 जांच टीम जो पूर्व में कार्य कर रही थी, को पुन: तैनात कर दिया जाएगा। अभी तक 2950300 लोगों को कोरोना से बचाव की दोनों डोज 750039 लोगों को तीनों डोज लग चुकी हैं। जिले में 630 कोविशिल्ड और 3210 डोज कोवाक्सिन की हैं।
अभी राहत...435 लोगों की जांच, कोई मरीज नहीं
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 435 लोगों की जांच की गई। इनमें कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला है। फिलहाल जिले में एक भी कोरोना का केस सक्रिय नहीं हैं।