मेरठ। सीसीएसयू के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान ने कहा कि सीएम युवा योजना मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजना है। 24 जनवरी से अब तक दो लाख 67 हजार 47 पंजीकरण युवाओं ने किए हैं। इस योजना से बड़ी संख्या में युवा जुड़ रहे हैं। बैंक ऋण स्वीकृत कर रहे हैं। 40 दिन के अंदर बड़ी सफलता है।
उन्होंने कहा कि काम करने वाले युवाओं को इस योजना से आगे बढ़ने का अवसर मिला है। बहुत युवाओं ने ऋण लेकर अपना काम शुरू किया है। एक साल में एक लाख युवाओं को इस योजना से जोड़ा जाएगा। इससे दस लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। इसमें बैंक गारंटी भी सरकार दे रही है और ब्याज भी सरकारी दे रही है। इस योजना के दूरगामी परिणाम होंगे। वन जिला, वन उत्पाद योजना से प्रदेश के 75 जनपदों के उत्पादों की पहचान पूरी दुनिया में हुई। सीएम विश्वकर्मा योजना और वन जिला, वन उत्पाद योजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश की योजना बनाया है। एमएसएमई सेक्टर के विकास के लिए मुख्यमंत्री कृतसंकल्प है। पिछले वित्तीय वर्ष में कैंप लगाकर एक लाख 68 हजार युवाओं को ऋण दिया गया है। इस वित्तीय वर्ष दो लाख छह हजार करोड़ रुपये का ऋण वितरण कराया है। प्रदेश सरकार युवाओं के भविष्य का निर्माण कर रही है। 2022 की एमएसएमई नीति से सूक्ष्म उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। पूरे प्रदेश में कैंप लगाकर मुख्यमंत्री द्वारा ऋण वितरित किए जा रहे हैं। मेरठ और सहारनपुर मंडल को मिलाकर नौ हजार का लक्ष्य है। मेरठ मंडल में तीन हजार का लक्ष्य है। इन लक्ष्यों को प्राप्त करने में जनप्रतिनिध सहयोग करें, जिससे युवाओं को रोजगार देने में प्रदेश सरकार अग्रसर रहे।