मेरठ। स्वच्छता अभियान में मंगलवार को पहले दिन नगर निगम ने महानगर के 113 स्थानों पर सफाई कराई। कूड़ा उठवाकर चूना डलवाया गया। यह अभियान सात दिन लगातार चलेगा। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने कई जगह पर पहुंचकर सफाई अभियान चलवा रहे अधिकारी और कर्मचारियों की मौजूदगी का जायजा लिया।
महानगर के सभी 90 वार्डों में स्वच्छता अभियान के तहत सुबह 5 बजे सफाई कर्मचारी निकल गए। दो घंटे बाद यानी सुबह 7:00 से 9:00 बजे तक तीनों अपर नगर आयुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारी चिह्नित वार्डों में मॉनीटरिंग करने पहुंच गए। अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों से सभी वार्डों में करीब 113 स्थानों से कूड़ा उठवाने के साथ सफाई कराई और फिर चूना डलवाया। विशेष सफाई अभियान का प्रथम दिवस था, इसलिए सभी सफाई निरीक्षकों को यह निर्देश भी दिए गए कि वह यह सुनिश्चित करा लें कि वार्डों में किसी सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा पड़ा हुआ न पाया जाए। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने कहा कि जहां पर कूड़ा दिखाई दें तो आम पब्लिक भी निगम के कंट्रोल रूम पर इसकी जानकारी दें। 24 घंटे में शिकायत का समाधान होगा। तीनों वाहन डिपो प्रभारियों द्वारा विशेष सफाई अभियान के अंतर्गत रोस्टर के अनुसार वार्डों में फोगिंग का कार्य कराया गया। सिविल लाइन, इंदिरा चौक, बच्चा पार्क, सूरजकुंड, पुलिस लाइन, सर्किट हाउस, आयुक्त आवास चौराहा, खैरनगर, घण्टाघर, आदि क्षेत्रों का नगर आयुक्त द्वारा स्वयं निरीक्षण किया गया। संवाद