मेरठ: मवाना में प्रधानाचार्य पर छात्रा ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस ने पूछताछ के बाद दी चेतावनी
मवाना के कृषक इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा ने प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने प्रधानाचार्य को चौकी बुलाकर पूछताछ की और सीसीटीवी लगाने की चेतावनी दी।
विस्तार
मेरठ के मवाना में कृषक इंटर कॉलेज की कक्षा 12 में पढ़ने वाली एक छात्रा ने प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए डायल 112 पर सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा व उसके पिता से जानकारी ली। पुलिस ने प्रधानाचार्य को बस स्टैंड पुलिस चौकी बुलाकर पूछताछ और बयान दर्ज किए। बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार छात्रा या उसके परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
डायल 112 पर कॉल कर छात्रा ने दी सूचना
बताया गया कि छात्रा ने डायल 112 पर फोन कर प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाए। सूचना मिलते ही 112 की टीम कॉलेज पहुंची और बस स्टैंड पुलिस चौकी को जानकारी दी। इसके बाद चौकी प्रभारी महिला पुलिसकर्मियों के साथ कॉलेज पहुंचे और छात्रा से पूरे मामले की जानकारी ली।
पिता और छात्रा ने कार्रवाई से किया इनकार
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में छात्रा ने पूरी घटना के बारे में जानकारी दी थी। बाद में उसके पिता कॉलेज पहुंचे और किसी प्रकार की कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद छात्रा ने भी कार्रवाई नहीं कराने की बात कही।
पुलिस ने प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार को बस स्टैंड पुलिस चौकी बुलाकर पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी के अनुसार प्रधानाचार्य को कार्यालय आदि में सीसीटीवी कैमरे लगाने की चेतावनी दी गई है। छात्रा या उसके परिजनों की ओर से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
पिता बोले- बेटी ने बहकावे में लगाए आरोप
छात्रा के पिता का कहना है कि उनकी बेटी ने प्रधानाचार्य पर जो आरोप लगाए थे, वे गलत हैं। उनके अनुसार बेटी ने दूसरों के बहकावे में आकर प्रधानाचार्य पर आरोप लगाए थे।
प्रधानाचार्य ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने छात्रा के आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया। उनका कहना है कि दो दिन पहले छात्रा छुट्टी मांगने आई थी। छुट्टी देने से मना करने और सख्ती बरतने के कारण उसने इस तरह के आरोप लगाए।
प्रधानाचार्य ने सवाल उठाया कि यदि घटना दो दिन पहले की थी तो छात्रा ने उसी समय घर जाकर शिकायत क्यों नहीं की। उनका आरोप है कि कॉलेज स्टाफ के कुछ लोगों के बहकावे में आकर छात्रा ने उन पर आरोप लगाए हैं।
सीओ बोले- मामले की जानकारी लेकर होगी कार्रवाई
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि वह किसी कार्य के सिलसिले में मवाना से बाहर हैं। मामले की पूरी जानकारी करने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।