नागरिकता कानूनः सपा प्रदर्शनकारियों के कड़े तेवर, सैकड़ों गिरफ्तार, मुजफ्फरनगर में इंटरनेट सेवा बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट है। मेरठ समेत आसपास के सभी जिलों में समाजवादी पार्टी कार्यालयों से लेकर शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
बिजनौर के जलालाबाद में प्रदर्शन कर रहे सपा समर्थकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुजफ्फरनगर में प्रदर्शन को लेकर शहर भर में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार मेरठ में जेल रोड स्थित समाजवादी पार्टी मेरठ कार्यालय पर पुलिस फोर्स तैनात है। दो सीओ समेत कई इंस्पेक्टर बुलाए गए हैं। सभी को अलर्ट पर रहने को कहा गया है। यहां दोपहर के समय समाजवादी पार्टी के प्रदर्शनकारी कार्यालय से निकलेंगे। चप्पे-चप्पे पर फोर्स की गई तैनात। पुलिस ने कहा की धारा 144 लागू है। ऐसे में किसी प्रकार के प्रदर्शन पर रोक है।
उधर मुजफ्फरनगर जनपद में सपा के प्रदर्शन के चलते शहर की इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई हैं। मुजफ्फरनगर में सपा कार्यकर्ताओं ने कचहरी में प्रदर्शन की कोशिश की जहां पुलिस ने इन्हें प्रदर्शन करने से रोक दिया जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने महावीर चौक स्थित कार्यालय पर ही सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार को ज्ञापन सौंपा। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय से बाहर आकर जबरदस्त नारेबाजी और हंगामा प्रदर्शन किया।
सपा प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारी देने की बात कही। जिस पर मौके पर मौजूद एसपी सिटी सतपाल अंतिल, सीओ सिटी दीक्षा शर्मा, सीओ मंडी हरीश भदौरिया ने पुलिस फोर्स के साथ तकरीबन डेढसौ से ज्यादा सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर डीएवी डिग्री कॉलेज में बंद कर दिया। गिरफ्तार होने वालों में सपा की पूर्व मंत्री पूर्व मंत्री उमा किरण, जिला अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव स्वरूप ,राकेश शर्मा, बच्ची सिंह सैनी, सुलेमान परदेशी, दिलशाद, जिया उर्र रहमान आदि शामिल हैं।
वहीं बिजनौर में सपा कार्यकर्ता व समर्थक प्रदर्शन करने सड़क पर उतरे जहां पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस धरना देने वालों को पकड़कर पुलिस लाइन ले गई। नजीबाबाद में सपा के पूर्व चेयरमैन मो अज्जम खां एडवोकेट के आवास पर पुलिस का पहरा लगा हुआ है। इसी दौरान आईजी नवीन अरोरा बिजनौर में पैदल मार्च करके सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे हैं।
बागपत जनपद में सपा कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी से इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बातचीत की। वहीं एसडीएम पुलकित गर्ग भी सपा कार्यालय पहुंचे।
शामली में सपा कार्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं का धरना शुरू हुआ। सपा नेता और पूर्व मंत्री किरणपाल कश्यप समेत दर्जनों सफाई धरने पर बैठे हुए हैं। यहां भी भारी पुलिस बल लगाया गया है।
पुलिस ने पहले ही सपा नेताओं से कह दिया है कि कोई भी आपत्तिजनक या भड़काऊ भाषण नहीं दिया जाना चाहिए। विरोध प्रदर्शन या सड़क जाम की आशंका के चलते धरना स्थल के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है।