मुख्यमंत्री योगी ने किया सीधा संवाद, टीकाकरण की तैयारियों को लेकर सीएमओ से पूछे सवाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन से बात की। उनसे पूछा की वैक्सीन को लेकर क्या तैयारियां है। कोई दिक्कत तो नहीं है।
सीएमओ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया कि पूरी तैयारियां हैं। 71 जगह आज पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने पूछा कि पहले और दूसरे फेज में कितने लोगों को लगेगा। वहीं सीएमओ ने बताया कि पहले फेज में 18700 लोगों को लगना है, जबकि दूसरे फेज में 30,000 से ज्यादा लोगों का वैक्सीनेशन किया जाना है।
मुख्यमंत्री ने सबसे आखिर में मेरठ में बात की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पांच जिले तय किए गए थे, जिनमें मेरठ पांचवें नंबर पर था। इससे पहले मुख्यमंत्री ने गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ और सिद्धार्थनगर में बातचीत की।
मेरठ में पहले दिन किया जाएगा 1200 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण की तैयारी जोरों पर है। कोरोना से बचाव का टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू हो रहा है। पहले दिन मेरठ जिले में 12 केंद्रों पर 1,200 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए वैक्सीन 13 तक आने की उम्मीद है। इससे पहले आज दूसरे चरण का पूर्वाभ्यास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: बागपत: बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, वारदात के बाद मौके से फरार
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया कि 16 जनवरी को टीकाकरण के लिए एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, सुभारती, एनसीआर मेडिकल कॉलेज, पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, दौराला, मवाना और हस्तिनापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कैंट, पुलिस लाइन और संतोष नर्सिंग होम आदि शामिल हैं। वेबकास्टिंग के जरिए को-विन पोर्टल पर यह लाइव होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई प्रदेशों में सीधा संवाद करेंगे। इसमें मेरठ भी शामिल हो सकता है और इसके लिए भी तैयारी की जा रही है। बाद में 18 जनवरी से इस सिलसिले के आगे बढ़ने की उम्मीद है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग के ही कर्मचारियों को सोमवार, शुक्रवार और अगले सोमवार यानी तीन दिन टीका लगाया जाएगा। इसके लिए 19,223 कर्मियों का चयन पहले ही किया जा चुका है।
सीएमओ डॉ, अखिलेश मोहन ने बताया था कि 11 जनवरी का पूर्वाभ्यास 37 स्थानों पर 71 जगह किया जाएगा। लाभार्थियों की संख्या बढ़ने के कारण एक जगह 15 स्वास्थ्यकर्मियों पर वैक्सीनेशन का रिहर्सल किया जाएगा। पिछले मंगलवार को सात स्थानों पर 12 जगह 25-25 स्वास्थ्यकर्मियों पर पूर्वाभ्यास किया गया था।
मेडिकल कॉलेज चिह्नित
सीएमओ ने बताया कि पूर्वाभ्यास सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री मेरठ के स्वास्थ्यकर्मियों से वीडियो कॉलिंग के जरिए संवाद करेंगे। इसके लिए मेडिकल कॉलेज चिह्नित किया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/