कैश संकट: करेंसी की किल्लत से ATM कंगाल, खुद जानिए, इस शहर का हाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
करेंसी की किल्लत के कारण शहर के अधिकतर ATM खाली पड़े है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानिए इस शहर का हाल...
मेरठ में चेस्ट ब्रांचों में करेंसी की किल्लत का असर अब एटीएम सेवा पर भी दिखाई देने लगा है। डिमांड के सापेक्ष एक तिहाई कैश ही एटीएम के लिए उपलब्ध हो पा रहा है। इस कारण शहर की आउटर और ग्रामीण क्षेत्रों में एटीएम सेवा लड़खड़ाने लगी है।
आरबीआई से मांग के अनुसार करेंसी चेस्ट ब्रांचों को नहीं मिल रही है। इस कारण चेस्ट ब्रांचों ने भी बैंक शाखाओं को दिए जाने वाले कैश में कटौती कर दी है। एसबीआई के एक चेस्ट ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि पहले आरबीआई से आने वाली लाट में 400 करोड़ रुपये की करेंसी आती थी, लेकिन अब इससे एक तिहाई भी नहीं मिल रही। इसी वजह से ब्रांचों में भी मांग के अनुरूप कैश नहीं भेज पा रहे हैं।
बैंकों में भी कम आ रहा 2000 का नोट
अब तो बैंक में जमा होने वाली नगदी से भी दो हजार का नोट गायब है या बहुत कम आ रहा है। संभवत: लोग इस नोट को डंप कर रहे हैं। एटीएम के लिए दो हजार का नोट ही दिया जाता है, लेकिन अब 500 और 100 के नोट ज्यादा दिए जा रहे हैं, लेकिन इनसे पूर्ति नहीं हो पा रही है।
दो सौ के नोट के लिए तैयार नहीं एटीएम
जिले के अधिकांश एटीएम अभी तक 200 के नोट डालने के लिए अपडेट नहीं हुए हैं। नोटों के साइज के हिसाब से एटीएम में अपडेशन वर्क होना है, लेकिन ये काम अभी अधूरा है। करेंसी की कमी होने का ये भी एक प्रमुख कारण सामने आ रहा है।
आउट सोर्स कंपनियों का बढ़ा दबाव
शहर की एक चेस्ट ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि उनकी चेस्ट से 48 एटीएम जुडे़ हैं। इनके लिए प्रतिदिन 15-20 करोड़ रुपये की डिमांड है। लेकिन करेंसी की कमी की वजह से केवल 5 से 6 करोड़ रुपये ही दे पा रहे हैं। आउट सोर्स कंपनियों का दबाव भी बढ़ रहा है।
कई एटीएम में नहीं मिला कैश
सोमवार को अमर उजाला टीम ने दोपहर दो से चार बजे के बीच शहर के आउटर और ग्रामीण क्षेत्रों के एटीएम का हाल परखा तो हालात खराब मिले। कई एटीएम में कैश नहीं था। लोग यहां से खाली हाथ ही लौट रहे थे।
इलाहाबाद बैंक डिवाइडर रोड : इस एटीएम में कैश नहीं था। यहां कैश लेने आए दीपक कुमार, मोहित और प्रवीण ने बताया कि वो आसपास के एटीएम भी गए, लेकिन कैश कहीं नहीं था। एक एटीएम खराब बताया गया।
पीएनबी, डिवाइडर रोड : यहां भी नो कैश बताया गया। रुपया निकालने आए पल्लवपुरम के अंकित मित्तल ने बताया कि वो दिन में दो बार एटीएम पर आए चुके हैं। लेकिन कैश नहीं मिला। मायूस होकर लौटना पड़ा।
एसबीआई, बक्सर टैंपो स्टैंड : एसबीआई के इस एटीएम में भी कैश नहीं था। लोग खाली हाथ लौट रहे थे। लोगों का कहना था कि नोटबंदी के बाद से तो एटीएम सुविधा लगातार बदहाल होती जा रही है।
बीओबी, निकट कंकरखेड़ा थाना : इस एटीएम पर भी कैश नहीं था। यहां पर मौजूद लोग बोले, लगता है कि नोटबंदी जैसे हालात फिर से बन रहे हैं। सरकार केवल डिजिटल इंडिया की बात कर रही है, लेकिन उपलब्ध संसाधनों को सुधार नहीं पा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/