Meerut: महिलाओं को पीटने का मामला, इंचौली थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
मेरठ के लावड़ कस्बे में दबिश के दौरान अनुसूचित जाति की महिलाओं को पीटने के मामले में पांच पुलिसकर्मियों पर बड़ा एक्शन हुआ है। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने यह कार्रवाई की है।
विस्तार
लावड़ कस्बे की राशन वाली गली में सात मई को जमीन के विवाद में सुनील और उसके भाई सुशील में झगड़ा हो गया था। इसके बाद सुनील ने लावड़ चौकी पर तहरीर दी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुशील को गिरफ्तार कर थाने लाने लगी। आरोप है कि परिवार ने दरोगा अमित कुमार को मारपीट कर घायल कर दिया था।
यह भी पढ़ें: सौरभ हत्याकांड: 'तंत्र-मंत्र का हत्या से कोई लेनादेना नहीं', इसलिए हुआ था सौरभ का कत्ल; चार्जशीट में वजह खुली
घटना के दौरान किसी ने पुलिसकर्मियों के महिलाओं को पीटने का वीडियो मोबाइल से बना लिया। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। शनिवार को सरधना विधायक अतुल प्रधान ने पीड़ित परिवार के साथ एसएसपी कार्यालय पर धरना दिया था।
दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर अनशन की चेतावनी दी थी। इस मामले में एसएसपी ने थाना प्रभारी नितिन पांडेय, चौकी प्रभारी इंद्रेश विक्रम सिंह, दरोगा सुमित गुप्ता और पवन सैनी व सिपाही वसीम को लाइन हाजिर कर दिया।
पीड़ित परिवार की कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष से बात कराई
लावड़। इस मामले में पीड़ित परिवार से मिलने के लिए रविवार को विभिन्न राजनीतिक दल के लोग पहुंचे। राट्रीय जाटव महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नेमपाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार के घर पहुंचा और हाल जाना।
उन्होंने परिवार के लोगों से वार्ता की और प्रशासन से कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल सरधना विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सैय्यद रिहानुद्दीन के नेतृत्व में पहुंचा और परिजनों से बात की। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय से फोन पर वार्ता कराई।