कैंसर पीड़ित पत्नी निकली कोरोना पाॅजिटिव, पति ने दो बच्चों संग वीडियो के जरिए सीएम योगी लगाई जान बचाने की गुहार
मेरठ में रविवार को एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दो बच्चे और उनका पैदा हाथ जोड़कर खड़े है। वीडियो में दिख रहा व्यक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपनी पत्नी को बचाने की गुहार लगा रहा है।
जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के लोनी निवासी मनीष कुमार तिवारी ने वीडियो के जरिए पीएम और सीएम योगी से गुहार लगाई है कि उसकी पत्नी कैंसर पीड़ित हैं और उसकी जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। शनिवार रात्रि 1 30 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे ले जाकर कोविड अस्पताल में भर्ती कराया है।
वीडियो में दो बच्चों के साथ हाथ जोड़कर खड़े मनीष का कहना है कि उसकी पत्नी को वहां किसी भी प्रकार की सुविधा नहीं मिल रही हैं। न तो वहां पर बाथरूम की सुविधा है और न ही अन्य चिकित्सा सुविधाएं हैं।
मनीष वीडियो में गुहार लगाते हुए कहते हैं कि उसकी पत्नी पहले से ही कैंसर पीड़ित है, ऐसे तो वह मर जाएगी। वह कहते हैं कि निजी लैब से उसने पत्नी की जांच कराई थी। लेकिन पत्नी की तबीयत ज्यादा खराब हुई तो उसने खुद स्वास्थ्य विभाग की टीम को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद टीम आकर उसकी पत्नी को कोविड अस्पताल ले गई।
पति का आरोप है कि उसकी पत्नी को अभी तक किसी तरह की दवाइयां नहीं दी गई हैं, न ही सुबह तक खाना दिया गया। पत्नी ने अस्पताल पहुंचने के बाद वीडियो काॅल के जरिए वहां का हाल दिखाया और बताया कि तीसरी मंजिल पर भेजा गया है, जहां कुछ मरीज हैं लेकिन घना अंधेरा है और न ही यहां कोई शौचालय है।
युवक के साथ छोटे बच्चे भी हाथ जोड़कर अपनी मां की जिंदगी बचाने की गुहार लगाते दिख रहे हैं। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद प्रबंधन ने पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए मरीजों की सुध ली।
मेडिकल के प्राचार्य से मांगा स्पष्टीकरण
डीएम अनिल ढींगरा और सीएमओ ने मेडिकल प्रिंसिपल से कोरोना मरीज़ों का सही इलाज करने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को सही खाने के साथ समय पर दवा दी जाए। वहीं, मरीजों के इलाज में लापरवाही को लेकर वायरल हुई वीडियो पर भी डीएम ने नाराजगी जताई है। साथ ही मृतक किराना दुकानदार की रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद इस मामले में भी मेडिकल प्राचार्य से स्पष्टीकरण मांगा है।