किठौर। थाना क्षेत्र के गांव महलवाला में संपत्ति के विवाद में सोमवार को दो पक्ष में कहासुनी के बाद विवाद हो गया। इस दौरान एक वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि देर शाम तक थाने में तहरीर नहीं दी गई है।
महलवाला निवासी करन सिंह त्यागी, कंतराज, तपराज व जगदीश पुत्रगण डालचंद आदि भाई हैं। इनके बीच पुस्तैनी संपत्ति का बंटवारा करीब 40 साल पहले हुआ था। उस समय चारों भाइयों ने सहमति से बंटवारे को स्वीकार किया था। चारों भाई पुस्तैनी मकान के चार हिस्से करके उसमें रह रहे हैं। एक माह पूर्व तीन भाइयों ने करन सिंह (60) पर आरोप लगाया कि उसका मकान अधिक जगह में बना हुआ है। जिसको लेकर चारों में विवाद हो गया। जिसके चलते करीब दो सप्ताह पूर्व तीन भाइयों ने करन सिंह का सामूहिक रास्ता बंद कर दिया। उसने इसका विरोध किया। चारों भाइयों में विवाद बढ़ता देख परिजनों एवं ग्रामीणों ने समझौता करा दिया था। जिसके मुताबिक करन सिंह सोमवार रास्ते के लिए दरवाजा लगा रहा था। करन सिंह की पुत्री कविता ने बताया कि शाम करीब चार बजे उसके तीनों चाचा अपने पुत्रों के साथ आए और निर्माणाधीन दीवार एवं दरवाजे को गिरा दिया। आरोप है कि विरोध करने पर उन्होंने उसके पिता पर ईंट से हमला कर दिया। जिससे सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई। इसकी जानकारी पाकर थाना प्रभारी रोजंत त्यागी मयफोर्स के मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हालांकि वारदात के बाद आरोपी फरार हो चुके थे। वृद्ध की हत्या को लेकर परिवार के अन्य लोगों में आक्रोश फैल गया। इस बाबत थाना पुलिस का कहना है कि घटना की तहरीर अभी नहीं आईं है। वहीं, करन सिंह की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।

वृद्ध की मौत पर विलाप करते परिजन। - फोटो : KITHOR

करन सिंह का फाइल फोटो। - फोटो : KITHOR