Meerut: जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, दोनों तरफ से दर्जनों लोग घायल, एक की मौत
एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, सीओ विनय गौतम व इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह यादव घटना स्थल पर पहुंचे। घटना को लेकर उन्होंने दोनों पक्षों से वार्ता की। अमित की मौत होते ही उसके तहेरे भाई अंकित ने घटना की नामजद तहरीर कोतवाली मे दी। इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि अंकित की तहरीर पर 11 ग्रामीणों के खिलाफ अपराध पंजीकृत कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।
विस्तार
मेरठ में जमीन के विवाद को लेकर अटाली गांव में दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ। इस संघर्ष में दोनों पक्षों की तीन महिलाओं सहित 9 ग्रामीण घायल हो गए। गम्भीर अवस्था में एक युवक की मेरठ चिकित्सालय ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र में गांव अटाली में कश्यप समाज के हरिओम व पाल समाज के हरपाल के परिवार के बीच कई वर्षों से जमीन के बटंवारे का विवाद चला आ रहा है। गुरुवार को सुबह करीब 8 बजे हरपाल परिवार के अमित व विपिन अपने परिवार की महिलाओं के साथ खेत में काम कर रहे थे। अमित व विपिन गेंहू की बुआई में लगे थे। परिवार की महिलाएं गन्ना छील रही थी।
आरोप है कि इसी दौरान कश्यप समाज के राजीव, परसा व मिलन आदि सहित 11 ग्रामीणों ने अमित व विपिन सहित उनके परिवार की महिलाओं पर हमला बोल दिया। धारदार हथियारों से हुए हमले में पाल समाज के अमित, विपिन, कवरपाल, केला पत्नि हरपाल, पूजा पुत्री शिवनन्द व गोविंद घायल हो गए। इस खूनी संघर्ष में दूसरे पक्ष के राजीव, चंद्रपाल, बाबू, संतलेश व धर्मवीर घायल हो गए। सभी घायलों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। गम्भीर अवस्था में सभी घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय से अमित पुत्र हरपाल को गम्भीर अवस्था में मेरठ चिकित्सालय में रेफर किया गया। मेरठ चिकित्सालय में ले जाते समय रास्ते में अमित ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, सीओ विनय गौतम व इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह यादव घटना स्थल पर पहुंचे। घटना को लेकर उन्होंने दोनों पक्षों से वार्ता की। अमित की मौत होते ही उसके तहेरे भाई अंकित ने घटना की नामजद तहरीर कोतवाली मे दी। इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि अंकित की तहरीर पर 11 ग्रामीणों के खिलाफ अपराध पंजीकृत कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।