Blast In Factory:हादसे पर सियासत, सपा-कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचे, की कार्रवाई की मांग
मेरठ में मंगलवार को लोहिया नगर में हुए ब्लास्ट के बाद बुधवार को मामले में सियासत तेज हो गई है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक्स पर घटना को लेकर तंज कसा तो सपा और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल मौके पर मुआयना करने पहुंचा।
विस्तार
मेरठ में मंगलवार को लोहिया नगर में हुए ब्लास्ट के बाद बुधवार को मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया। प्रशासन जहां ब्लास्ट का कारण पटाखे को मानने के लिए तैयार नहीं है। वहीं, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले में सरकार पर तंज करते हुए एक्स पर कमेंट किया।
इसके अलावा बुधवार को सपा और कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल का दौरा करने पहुंचा। पीड़ितों से मिलकर पुलिस-प्रशासन पर मामले को दबाए जाने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें: Weather: मौसम रहा साफ, पश्चिमी यूपी में बारिश के बाद तीन डिग्री तक बढ़ा पारा
अखिलेश यादव के निर्देश पर बुधवार को सपा के पूर्व मंत्री सुधाकर कश्यप व जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी के नेतृत्व सपाइयों का एक प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचा। सपा नेताओं ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पीड़ितों से घटना के विषय में जानकारी जुटाई।
अधिकारियों से इस मामले में अब तक की गई कार्रवाई को लेकर भी सवाल-जवाब किए। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अवनीश काजला ने भी कांग्रेस नेताओं के साथ लोहिया नगर पहुंचकर पीड़ितों से पूछताछ की।
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि स्थानीय प्रशासन सतर्क रहता तो शायद इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के साथ मृतकों और घायलों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।