UP: चोरी की निकली बाइक, इन बड़े सवालों के जवाब तलाश रहे अफसर, मुठभेड़ में सुपारी किलर से हुई थी बरामद
Meerut Crime : मुठभेड़ के दौरान दबोचे गए कुख्यात सुपारी किलर के पास से जो बाइक बरामद हुई थी वह चोरी की निकली है। अब पुलिस अधिकारी इन बड़े सवालों के जवाब तलाश रहे हैं।
विस्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ मुठभेड़ में पकड़े गए कुख्यात सुपारी किलर रंजीत झा के पास से मिली बाइक चोरी की निकली। बाइक अहमदनगर लिसाड़ीगेट क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति की है। हालांकि अभी तक पुलिस को बाइक मालिक नहीं मिल सका है। पूरे मामले की जांच कंकरखेड़ा थाना पुलिस कर रही है। जांच में सामने आया है कि दिल्ली का रहने वाला सुपारी किलर रंजीत झा अपने साथी रामू के साथ आदर्श नगर में सोनू दूबे नाम के व्यक्ति को गोली मारकर भाग रहा था।
मेरठ में पहुंचने से पहले दोनों ने दिल्ली नंबर की बाइक को कहीं पर छिपा दिया। इसके बाद उसके साथी रामू ने मेरठ नंबर की बाइक का बंदोबस्त किया ताकि पुलिस को उन पर शक न हो। जो बाइक रामू ने उपलब्ध कराई थी, वह चोरी की थी। अब पुलिस जांच कर रही है कि यह बाइक रामू ने पहले से ही चोरी कर कहीं खड़ी कर रखी थी या फिर रामू के अलावा भी इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल है। मुठभेड़ के दौरान रंजीत झा पकड़ा गया था, जबकि रामू अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठेगा।
इन सवालों का जवाब तलाश रही पुलिस
- दिल्ली नंबर की जिस बाइक पर वारदात को अंजाम दिया गया था, वह बाइक कहां पर छिपाई गई है?
- मेरठ नंबर की बाइक जो मुठभेड़ के दौरान सुपारी किलर के पास से मिली, वह कहां से चोरी की गई और उसका मामला किस थाने में दर्ज है?
- बाइक लिसाड़ीगेट के किसी व्यक्ति के नाम पर है। फिलहाल वही व्यक्ति बाइक का इस्तेमाल कर रहा था या उसने किसी अन्य को बेच रखी थी?
- रामू और सुपारी किलर रंजीत झा को मेरठ नंबर की यह बाइक किस व्यक्ति ने उपलब्ध कराई और कहां पर कराई?
यह भी पढ़ें: मेरठ में बड़ी वारदात: एक घर से 20 तोले सोने के जेवरात और 80 हजार की लूट, ब्लू कलर की स्विफ्ट से आए थे बदमाश
यह था मामला
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रविवार रात दिल्ली निवासी सुपारी किलर रंजीत झा को मुठभेड़ में पकड़ा था। सुपारी किलर अपने एक साथी के साथ दिल्ली के आदर्श नगर में सोनू दूबे नाम के युवक को गोली मारकर भाग रहे थे। उसका साथी रामू मौके से फरार हो गया था। दिल्ली पुलिस की तरफ से यह मामला कंकरखेड़ा थाने में दर्ज कराया गया था।
यह भी पढ़ें: सिपाही मर्डर केस: सामने आया तांत्रिक बाबा का ये बड़ा राज, चित्रकूट में खरीदे थे बिटकॉइन, पुलिस ने मांगी रिमांड
सुपारी किलर के पास से जो बाइक बरामद हुई है, वह चोरी की थी। उसकी जांच की जा रही है कि कहां से चोरी की गई थी। इसके अलावा बाइक मालिक की भी तलाश की जा रही है। फरार आरोपी रामू को भी जल्द ही पकड़ा जाएगा। - इंस्पेक्टर नीरज मलिक, थाना प्रभारी कंकरखेड़ा