बड़ी कार्रवाई: बुलंदशहर के उप संचालक और चकबंदी बंदोबस्त अधिकारी का वेतन रोका
चकबंदी के कार्य अधूरे मिलने पर बुलंदशहर के उप संचालक और चकबंदी बंदोबस्त का वेतन रोकने के निर्देश दिए। ये कार्रवाई चकबंदी आयुक्त नवीन कुमार ने मेरठ मंडल में हुई समीक्षा बैठक के दौरान की है।
विस्तार
बुधवार को लखनऊ से चकबंदी आयुक्त मेरठ पहुंचे और कमिश्नरी सभागार में मेरठ मंडल के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने समस्त डीडीसी एवं एसओसी को कहा कि रेस्टोरेशन प्रार्थना-पत्र पर ही पीठासीन अधिकारी द्वारा स्वीकृत कर दिया जाता है। रेस्टोरेशन स्वीकृति स्पीकिंग आदेश अलग से पारित किए जाएं।
न्यायालय में विचाराधीन वादों की सुनवाई तिथि के संबंध में सीसीसीएमएस पोर्टल के माध्यम से वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को सूचित किया जाए। चकबंदी ग्रामों में चौपाल एवं ग्राम अदालतों का आयोजन कर वादों एवं समस्या का निस्तारण ग्रामवासियों की उपस्थिति में कराया जाए।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराते हुए आख्या पोर्टल पर निर्धारित अवधि के भीतर फीड कराया जाए।
समीक्षा के दौरान जनपद बुलन्दशहर में चकबंदी की प्रगति संतोषजनक न होने पर उप संचालक चकबंदी संतोष कुमार सिंह एवं बन्दोबस्त अधिकारी चकबंदी बुलंदशहर टीकम सिंह बुलंदशहर के वेतन रोके जाने के आदेश दिए।
इस अवसर पर ज्वांइट डायरेक्टर चकबंदी रण विजय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एव राजस्व)/उप संचालक चकबन्दी बागपत पंकज वर्मा, एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी/बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी संजय कुमार अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।