मेरठ। भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने प्रदेशव्यापी अभियान के तहत पश्चिामांचल के किसानों की बिजली संबंधित समस्याओं को लेकर मंगलवार को ऊर्जा भवन को घेर लिया। किसान ग्यारह सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठे रहे। किसानों ने खेतों की सिंचाई के लिए 15 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति देने, किसान-मजदूरों के यहां स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने आदि मांग की। किसानों ने मांगे पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। सात घंटे बाद बिजली अफसरों और किसानों के बीच वार्ता हुई। तब जाकर शाम को धरना खत्म हुआ।
पूर्व निर्धारित प्रदेश व्यापारी कार्यक्रम के तहत मंगलवार दोपहर भारतीय किसान यूनियन (भानू) के पश्चिमी यूपी अध्यक्ष राजीव कुमार अधाना के नेतृत्व में सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों एवं अन्य वाहनों से नारेबाजी करते हुए ऊर्जा भवन पहुंचे। पहले से तैनात पुलिस ने वाहनों को आईटीआई परिसर में पहुंचवाया। बाद में सभी किसान ऊर्जा भवन परिसर में पहुंचे और धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे किसानों को संगठन के पदाधिकारियों, किसान नेताओं ने संबोधित किया। शाम को निदेशक पीवीवीएनएल कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया एवं अन्य बिजली अफसरों ने किसानों से ज्ञापन लिया और संगठन के पश्चिमी यूपी अध्यक्ष राजीव कुमार अधाना समेत किसानों से वार्ता की। आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। संवाद