मेरठ। परतापुर के दिल्ली रोड़ स्थित 38 एकड़ में बने संजय वन के कायाकल्प के लिए शासन द्वारा 20 करोड़ की धनराशि से जारी की गई है। सोमवार को ऊर्जा राज्य मंत्री डा सोमेंद्र तोमर ने संजय वन के सौंदर्यकरण कार्य का हवन पूजन के साथ शुभारंभ किया। तोमर ने कहा कि 2026 तक संजय वन एक अच्छे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा।
ऊर्जा राज्य मंत्री ने बताया कि वन्य जीव को सुरक्षित व संरक्षित करने के लिए संजय वन वन्य जीव चेतना केंद्र के रूप में स्थापित होगा। संजय वन में आधुनिक वॉकिंग ट्रैक, आकर्षक घूमने के लिए पार्क, पार्किंग व्यवस्था,योगा लोन, लाईटिंग, बच्चों के लिए झूले और एक अत्याधुनिक कैंटीन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कहा कि संजय वन के पास आरआरटीएस का स्टेशन है रैपिड रेल शुरू होने से शहर वासियों को मेरठ में दिल्ली और नोएडा जैसी अनुभूति होगी। जिला वन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पहले चरण में वॉकिंग ट्रैक को बेहतर बनाया जाएगा, साथ ही साइकिल ट्रैक और प्राकृतिक पगडंडियां भी विकसित की जाएंगी। एक आधुनिक कैफेटेरिया बनाया जाएगा। दो खूबसूरत पार्कों का निर्माण होगा। वन में स्थित तालाब में बोटिंग की व्यवस्था की जाएगी। एमडीए उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा ने बताया गया कि संजय वन पार्क में पार्किग की व्यवस्था, कैन्टीन का सुददढ़ीकरण, इन्टरप्रिटेशन सेन्टर का जीर्णाेद्धार, कच्चे पैदल साईकिल मार्गाें का कार्य, पुराने मॉर्निग वॉक पथ का जीर्णाेद्धार, योगा लॉन का जीर्णाेद्धार कार्य, लाईटिंग की व्यवस्था आदि कार्य कराए जाएगे। इस दौरान डीएफओ राजेश कुमार, मोहिद्दीनपुर गन्ना समिति के अध्यक्ष दीपक राणा, अनुज तोमर, नवीन नेहरा, आदित्य शर्मा, सुनील वर्मा, आकाश पंडित, मनीष प्रजापति,नितिन कसाना,राजू दूधिया, राहुल कसाना सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।