UP: इस कांवड़ यात्रा में हिंदू करें घर वापसी-मेरठ प्रवास में बजरंग दल संयोजक ने दिया सामाजिक और धार्मिक मूल्य
बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दौनेरिया ने मेरठ प्रवास के दौरान कांवड़ यात्रा में अनुशासन, पौधरोपण अभियान और हिंदू मुद्दों पर विचार रखे। उन्होंने घर वापसी का आह्वान किया और कहा कि मांस-मछली की दुकानें यात्रा के दौरान बंद रहनी चाहिए।
विस्तार
मेरठ में प्रवास पर पहुंचे बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दौनेरिया ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता, पौधरोपण, और चिकित्सा शिविर जैसे आयोजनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सेवा, सुरक्षा और संस्कार के मूलमंत्र पर चलने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को कुछ तत्व जानबूझकर खंडित करने की कोशिश करते हैं, जो अनुचित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि 'जो लोग भटक गए हैं, वे इस कांवड़ यात्रा में घर वापसी करें।'
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 5 जुलाई को आपके शहर में क्या हुआ
नीरज दौनेरिया ने यह भी कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान मांस-मछली की दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहनी चाहिए, जिससे यात्रा की पवित्रता बनी रहे और सामाजिक सौहार्द न बिगड़े।
राजनीतिकरण से परहेज की अपील
उन्होंने कहा कि संवेदनशील धार्मिक विषयों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इससे असामाजिक तत्वों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने संगठन के पुराने रुख को दोहराते हुए लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसे मुद्दों पर कठोर रुख अपनाने की बात कही।
परतापुर स्थित बीके एकेडमी में एक लाख पौधरोपण का संकल्प दोहराते हुए उन्होंने कहा कि 'पौधरोपण सिर्फ अभियान नहीं, बल्कि सांस्कृतिक उत्तरदायित्व है।'
इसके अलावा मलियाना की सेवा बस्ती में एक निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन कर सैकड़ों लोगों को इलाज व दवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर का उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।