दुस्साहस: सरकारी विद्यालय के शौचालय में सातवीं की बच्ची से दरिंदगी का प्रयास, आरोपी फरार
मेरठ में परतापुर में युवक ने कक्षा सात की छात्रा से स्कूल के शौचालय में दरिंदगी का प्रयास किया।। सीओ ब्रह्मपुरी शुचिता सिंह का कहना है कि आरोपी की पहचान की जा रही है।
विस्तार
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र स्थित सरकारी विद्यालय (संविलियन) के शौचालय में सातवीं की छात्रा से दरिंदगी का प्रयास किया गया। शौचालय की पिछली दीवार टूटी होने की वजह से आरोपी अंदर आ गया। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया।
परिजनों की तहरीर पर परतापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शुक्रवार को स्कूल और छात्रा के घर पहुंचकर जानकारी ली। छात्रा ने दूसरे संप्रदाय के युवक का नाम बताया है। सीओ ब्रह्मपुरी शुचिता सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान की जा रही है।
परतापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रजापति समाज की 11 वर्षीय बच्ची सरकारी विद्यालय में सातवीं की छात्रा है। गुरुवार को बच्ची स्कूल गई थी। दोपहर को वह शौचालय गई थी। शौचालय की पिछली दीवार टूटी होने की वजह से गांव का एक युवक ईख के खेत से भीतर आ गया। उसने बच्ची के साथ दरिंदगी का प्रयास किया। बच्ची ने शोर मचाते हुए उसे मारने को ईंट उठाई तो वह भाग निकला। बच्ची ने इसकी जानकारी शिक्षिकाओं को दी लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था।
महिला पुलिसकर्मियों ने बच्ची से बात की लेकिन वह युवक का नाम नहीं बता पाई। बच्ची के पिता का कहना है कि उसने गांव के दूसरे संप्रदाय के युवक का नाम बताया है।
थाना प्रभारी का कहना है कि पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीओ ब्रहमपुरी शुचिता सिंह ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा। बच्ची ने एक नाम बताया है, उसके आधार पर आरोपी का पता लगाया जा रहा है।
शौचालय की दीवार टूटी थी, किसी को नहीं दिखी
मिक विद्यालय के शौचालय में जिस तरह से दीवार टूटी हुई थी, वह बेहद शर्मनाक है। शौचालय के पीछे खेत हैं, ऐसे में किसी दूसरी बच्ची के साथ भी ऐसी घटना हो सकती थी। विद्यालय के शौचालय की हालत को किसी ने भी देखने की जरूरत नहीं समझी। परिजनों का कहना है कि बच्चों ने बताया है कि काफी समय से शौचालय की दीवार टूटी हुई थी लेकिन शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इसे देखने की जरूरत नहीं समझी।