UP: हिंसा-प्रदर्शनों के बीच मेरठ में माहौल बिगाड़ने का प्रयास, मुस्लिम युवकों से मारपीट व दाढ़ी नोंचने का आरोप
उत्तर प्रदेश में हिंसा प्रदर्शनों के बीच शनिवार को मेरठ के सरधना में माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। यहां समुदाय विशेष के युवकों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए अधमरा कर दिया। इस दौरान धारदार हथियार से हमला करते हुए घायल कर दिया।
विस्तार
मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र की सलावा पुलिस चौकी के पास सलावा गांव के कुछ शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। यहां कैली गांव निवासी समुदाय विशेष के युवकों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए मारपीट कर दी। इस दौरान धारदार हथियार से हमला करते हुए घायल कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने अभद्रता करते हुए उसकी दाढ़ी नोंचते हुए गाली-गलौज की। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं, गंभीर हालत के चलते सीएचसी से जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही रही है।
जानकारी के अनुसार जीशान पुत्र खुर्शीद व अशरफ पुत्र जमात अली निवासी कैली शनिवार की शाम सलावा झाल के पास घूम रहे थे। तभी वहां आधा दर्जन शरारती तत्वों ने आपत्तिजनक टिप्प्णी करनी शुरू कर दी। इस दौरान दोनों युवक वहां से अपने गांव के लिए चल दिए। लेकिन इसक बावजूद शरारती तत्व उनके साथ अभद्रता करने लगे और जीशान की दाढ़ी नोंचने लगे।
यह भी पढ़ें: Saharanpur Violence: काले झंडे-नीली टोपी वाले युवक पुलिस के टारगेट पर, AIMIM के कार्यकर्ताओं की भी पड़ताल, खंगाली जा रहीं वीडियो
विरोध करने पर शरारती तत्वों ने उन पर धारदार हथियार से हमला करते हुए मारपीट कर घायल कर दिया। जिसमें जीशान पुत्र खुर्शीद गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अशरफ ने वहां से भाग कर जान बचाई। जिसके बाद आरोपी युवक घायल को गंग नहर में फेंक कर जान से मारने की कोशिश कर रहे थे। घायल की चीख-पुकार की तो सलावा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
इससे पहले आरोपी घायल विशेष समुदाय के युवक से 1500 रुपये व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। चौकी पुलिस ने घायल को सीएचसी सरधना में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर होने कारण उसको जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं, घटना को लेकर कैली के ग्रामीणों आक्रोश पनप गया। वहीं, ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामला दो समुदायों से जुड़ा होने कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। उधर, इस संबंध में सीओ सरधना आरपी शाही का कहना है कि मामले को लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घायल का उपचार कराया जा रहा है। इससे जुड़े कुछ आरोपियों को हिरासत में ले लिया है पूछताछ की जा रही है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।