सेना के गोपनीय कार्यालय तक पहुंचा संदिग्ध, पुलिस अधिकारियों में मचा हड़कंप
सैन्य एरिया में घूमते हुए एक संदिग्ध पकड़ा गया। सेना ने इसकी जानकारी पुलिस को दी तो पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। काफी पूछताछ के बाद सेना ने युवक को पुलिस को सौंप दिया। काफी पूछताछ के बाद युवक ने खुद को सहारनपुर निवासी बताया। जबकि उसके परिजनों ने युवक की मानसिक हालत ठीक न होने का दावा किया। पुलिस ने कागजों सहित परिजनों को बुलाया है। उनकी जांच के बाद ही कोई निर्णय होगा।
इंस्पेक्टर टीपी नगर सचिन मलिक के अनुसार यह युवक मंगलवार शाम रोहटा रोड स्थित मिलिट्री कंपाउंड की दीवार पार करके सेना के गोपनीय कार्यालय तक पहुंच गया था। सेना के जवानों ने उसे पकड़कर अपने अधिकारियों को सूचना दी। अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। बाद में उसे टीपी नगर पुलिस को सौंप दिया गया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक ने काफी प्रयास के बाद अपना नाम फैसल निवासी जनकपुरी सहारनपुर बताया है। उसके परिजनों का फोन नंबर लेकर बात की गई तो कॉल रिसीव करने वाले ने खुद को फैसल का भाई बताया। उसने बताया कि फैसल की मानसिक हालत ठीक नहीं है। इंस्पेक्टर का कहना है कि परिवार वाले फैसल को मानसिक रुप से बीमार बताकर बेकसूर होने का दावा कर रहे हैं। युवक भी अजीबोगरीब बातें कर रहा है। वह अपना नाम पता भी काफी देर बाद बता सका। हालांकि परिजनों को इलाज संबंधी कागजात और पहचान पत्र आदि लेकर बुलाया है। उनके आने पर कागजों की जांच की जाएगी। सेना के अधिकारियों को भी बुलाया जाएगा। इसके बाद इस मामले में कार्रवाई होगी। संदिग्ध युवक के पकड़े जाने की सूचना पर खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हुईं। थाने में इंटेलीजेंस, एलआईयू कर्मियों ने पहुंचकर जानकारी ली। पकडे़ गए आरोपी से पूछताछ की।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/