UP: देवबंद में आधी रात बदमाशों का आतंक, गांव में घुसे 12 से अधिक हथियारबंद, ग्रामीणों ने की जवाबी फायरिंग
देवबंद के सांपला खत्री गांव में गुरुवार-शुक्रवार की रात 12 से अधिक हथियारबंद बदमाशों के घुसने से दहशत फैल गई। बदमाशों की फायरिंग के जवाब में ग्रामीणों ने भी लाइसेंसी हथियारों से गोलियां चलाईं। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
देवबंद के कालीपार क्षेत्र स्थित सांपला खत्री गांव में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात उस वक्त अफरातफरी मच गई जब एक दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाश गांव में घुस आए।
बताया गया कि बदमाश गांव के अलग-अलग हिस्सों में फैल गए थे। कुछ ग्रामीणों की नजर जब इन संदिग्ध लोगों पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जागकर बाहर निकल आए और मौके पर जुट गए।
यह भी पढ़ें: मेरठ में फिर बड़ा हादसा: आर जी काॅलेज जा रही स्कूटी सवार छात्रा को इलेक्ट्रिक बस ने कुचला, मौके पर ही मौत
ग्रामीणों का कहना है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में गांव के लोगों ने भी अपने लाइसेंसी हथियारों से कई राउंड फायरिंग की।
हालात बिगड़ते देख बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि गांव के जिन रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उनकी फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया है, लेकिन जांच जारी है।
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देते रहे।