बेटी की डोली विदा होते ही उठी पिता की अर्थी, पल भर में मातम में बदली खुशिया, मचा कोहराम
मेरठ के रोहटा थानाक्षेत्र में शादी की रस्म पूरी होने के बाद गुरूवार रात मंडप से बेटी की डोली उठी ही थी कि उसी समय पिता ने भी दम तोड़ दिया। उनके सीने में तेज दर्द उठा था। मंडप में ही उनकी मौत हो गई। इसे लेकर शादी की खुशियां पल भर गम में बदल गई और परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया।
यह दर्द भरी घटना क्षेत्र के गांव डूंगर की है। गांव के ही जैनपाल (48) की बेटी की बृहस्पतिवार रात मेरठ के एक मंडप में बरात आई हुई थी। बताया गया कि शादी की तमाम रस्में पूरी होने के बाद देर रात जैनपाल ने बेटी की विदाई की।
इसके फौरन बाद जैसे ही पिता मंडप में पहुंचा तो तभी उनके सीने में तेज दर्द उठा और उनकी कुछ देर बाद मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, परिवार वाले और अन्य रिश्तेदार उन्हें चिकित्सक के पास लेकर गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हृदय गति रुकने से मौत हुई है। बेटी की विदाई को लेकर जहां मंडप में कुछ समय तक खुशी का माहौल था, वहीं पिता की अर्थी उठने से शादी की खुशियां पल भर में गम में बदल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे को लेकर बेटी ससुराल तो पहुंची, लेकिन दुखी मन से। इसके बाद उसके ससुराल वाले वापस पहुंचे और उसके पिता के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। गमगीन घटना को लेकर हर किसी की आंखें नम थी।