'मस्जिद में अदा करें नमाज': एडीजी बोले- कुर्बानी के फोटो वायरल करने पर होगी कार्रवाई, प्रशासन ने निकाला मार्च
एडीजी डीके ठाकुर ने भी सड़क पर नमाज अदा न करने और खुले में कुर्बानी न करने का बयान जारी कर दिया है। एसपी सिटी ने शनिवार को नगर निगम के पार्षद, मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ बैठक की।
विस्तार
एडीजी डीके ठाकुर ने भी सड़क पर नमाज अदा न करने और खुले में कुर्बानी न करने का बयान जारी कर दिया है। एसपी सिटी ने शनिवार को नगर निगम के पार्षद, मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। एसपी सिटी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि सभी आपसी सद्भाव, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण तरीके से बकरीद का त्योहार मनाएं। मस्जिदों में ही नमाज अदा करें, सड़क पर अवरोध पैदा नहीं करें। इसके अलावा खुले में कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। कुर्बानी के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किए तब भी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी व्यक्तियों से अपील की है कि पर्व को आपसी सद्भाव, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। मुस्लिम समुदाय के गणमान्य व्यक्तियों से वार्ता कर अनुरोध किया गया कि स्थानीय स्तर पर मोहल्ला/मस्जिदों में ही नमाज अदा की जाए। परंपरागत स्थानों पर ही कुर्बानी की जाए एवं प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न की जाए। कुर्बानी करते समय इस बात विशेष ध्यान रखें कि कुर्बानी खुले स्थान पर न हो, न ही इसकी कोई वीडियो आदि बनाई जाए। पशुओं की खाल और अवशेष खुले स्थान में न डाले एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
बकरीद को लेकर कमिश्नर और आईजी ने निकाला पैदल मार्च
बकरीद पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार को पैदल मार्च निकाला। साथ ही संदेश भी दिया कि यदि सड़क पर नमाज अदा की गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। शासन का आदेश है कि सड़क पर नमाज अदा नहीं करने दी जाएगी। शाम को करीब सात बजे कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे, डीएम दीपक मीणा, आईजी नचिकेता झा, एसएसपी रोहित सजवाण बेगमपुल पहुंचे। यहां से पैदल मार्च करते हुए सोतीगंज, भैंसाली बस अड्डे होते हुए केसर गंज, नगर निगम कार्यालय होते हुए घंटाघर पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित थानों की फोर्स और क्यूआरटी टीम भी मौजूद रहीं।
सड़क पर नमाज अदा नहीं होने दी जाएगी। मस्जिद के अंदर ही नमाज अदा की जाए। यदि ईदगाह में जगह नहीं है तो पास में मस्जिद के अंदर नमाज अदा करें। ड्रोन से निगरानी भी की जाएगी। वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। डीके ठाकुर, एडीजी, मेरठ जोन