मार्कशीट में जन्मतिथि बदलकर हुआ था पुलिस में भर्ती, अब दबोचा गया आरोपी सिपाही
हाईस्कूल की मार्कशीट में जन्मतिथि बदलकर यूपी पुलिस में भर्ती हुए एक सिपाही को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले एक माह से वांछित चल रहा था। एसएसपी बिजनौर से इस मामले की शिकायत की गई थी। जिसके बाद जांच में आरोपों के सत्य पाए जाने पर एसएसपी के आदेश पर सिपाही के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
सहारनपुर जिले के बाबूपुर गांव निवासी संदीप पुत्र ब्रह्म सिंह ने वर्ष 1998 में नगर के श्री रामकृष्ण इंटर कॉलेज से हाईस्कूल किया था। उसे उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती होना था। इसके लिए उसने वर्ष 2008 में जनता इंटर कॉलेज जोया बादशाहपुर एटा से दोबारा हाईस्कूल किया। आरोप है कि यहां दस्तावेजों में जन्मतिथि में खेल कर दिया। देवबंद से किए हाईस्कूल में उसने जो दस्तावेज दिए उसमें उसने जन्म का वर्ष 1981 दर्शाया जबकि यूपी पुलिस में भर्ती के दौरान उसने एटा की मार्कशीट लगाई उसमें जन्मतिथि एक जुलाई 1991 दर्शाई गई थी। दस्तावेजों के आधार पर वर्ष 2015 में उसकी यूपी पुलिस में भर्ती भी हो गई। काफी दिनों से पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर मामला कोर्ट में चलता रहा।
इसी बीच उसे वर्ष 2018 में एक माह की जेटीसी ट्रेनिंग के लिए बिजनौर भेजा गया। जिसके बाद उसने रुद्रपुर में छह माह की आरटीसी की ट्रेनिंग ली और उसकी तैनाती बिजनौर में हो गई। इस दौरान किसी ने बिजनौर एसएसपी से संदीप के फर्जी कागजों के आधार पर पुलिस में भर्ती होने की शिकायत कर दी। जिसके बाद एसएसपी बिजनौर ने मामले की जांच कराई तो आरोप सही पाए गए।
इसी के चलते विगत 14 जुलाई को एसएसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने संदीप के विरुद्ध आईपीसी की धारा 420 समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। संदीप तभी से फरार चल रहा था। इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र ने बताया कि शनिवार को संदीप को गांव से गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/