हादसा: चूहा लेकर भागा दीये की बाती, घर में लगी भीषण आग, दमकलकर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित माधवपुरम सेक्टर-4 में घर में पूजा के लिए जलाए दीपक की बाती लेकर भागा चूहा तो भीषण आग लग गई। आग लगने से घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
विस्तार
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित माधवपुरम सेक्टर-4 में घर में पूजा के लिए जलाए दीपक की बाती लेकर भागा चूहा तो भीषण आग लग गई। आग से घर की ऊपरी मंजिल पर करीब तीन लाख रुपये का सामान जल गया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के वक्त घर में कोई नहीं था।
माधवपुरम सेक्टर-4 निवासी आशु श्रीवास्तव परिवार के साथ रहते हैं। वह चित्रा एक्सपोर्ट में नौकरी करते हैं। शुक्रवार सुबह आशु और उनकी पत्नी, मां अनीता, पिता विजय और भाई-भाभी अपने काम पर गए थे। करीब 10 बजे मकान की ऊपरी मंजिल से धुआं और आग की ऊंची लपटें देख पड़ोसियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
परिजनों के मुताबिक सुबह पूजा के लिए मकान की दूसरी मंजिल पर दीपक जलाया था। घर के सभी सदस्य अपने काम पर चले गए थे। आशु श्रीवास्तव के मुताबिक करीब तीन लाख का सामान जल गया।
यह भी पढ़ें: Sunil Pal & Mushtaq Khan Kidnapping: फिल्म इंडस्ट्री के 10 कलाकारों से फिरौती वसूली, शक्ति कपूर थे अगला टारगेट
गंगानगर में चूहे ने कर दी बिजली गुल
गंगानगर द्वितीय से संबंधित क्षेत्र में गुरुवार रात काफी देर तक बिजली गुल रही। जानकारी करने पर पता चला कि देर रात वीसीबी (वैक्यूम सर्किट ब्रेकर) में चूहा घुस गया। इसके चलते पीटी (पोटेंशियल ट्रांसफार्मर) डैमेज हो गया। इसके बाद उपकेंद्र से जुड़े फीडर बंद पड़ गए।
फीडर बंद होने से ग्लोबल सिटी, अब्दुल्लापुर, गंगासागर, कोरल स्प्रिंग, ग्लोबल सिटी, सी ब्लॉक सहित अनेक कॉलोनियों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। शुक्रवार को मरम्मत कर आपूर्ति सामान्य कराई गई गई। अवर अभियंता श्रीपाल के मुताबिक वीसीबी में चूहा घुसने से पीटी खराब हो गई थी। एक ट्रांसफार्मर से बारी-बारी से कुछ देर के लिए आपूर्ति दी गई। अब मरम्मत कराकर आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।