ठगी का पता चलने पर उड़े होश: कम ब्याज पर लोन दिलाने का दिया था लालच, आरोपी को बहाने से बुलाकर पीटा
Meerut News : मेरठ में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गाजियाबाद के युवक ने कम ब्याज पर लोन दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी की। वहीं, पीड़ित लोगों ने आरोपी को बहाने से बुला लिया और उसकी पिटाई की। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया।
विस्तार
मेरठ जनपद के कंकरखेड़ा में एक युवक ने लगभग एक दर्जन से ज्यादा लोगों से सरकारी योजना के तहत लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की। मामले की जानकारी होने के बाद पीड़ित लोगों के होश उड़ गए। पीड़ितों ने फोन कर आरोपी युवक को गाजियाबाद से मौके पर बुला लिया। वहीं, मंगलवार रात पीड़ित लोगों ने आरोपी युवक को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के न्यू अशोकपुरी निवासी रमेश, संगीत, नीतू, कल्पना, रीता, बबली, कोमल, गीता, जगपाल, राहुल शाहिद लगभग एक दर्जन से ज्यादा लोग मंगलवार रात थाने पहुंचे। उन्होंने तहरीर देते हुए बताया कि गाजियाबाद निवासी एक युवक का उनके पड़ोस में एक परिवार के यहां आना जाना है। कुछ दिन पूर्व युवक ने पीड़ित लोगों को बताया कि सरकार की तरफ से पांच लाख का लोन दिया जा रहा है। साथ ही बताया कि लोन का ब्याज भी बहुत कम है। उसने बताया कि लोन के पैसे तीन महीने के अंदर खाते में आ जाएंगे।
वहीं, आरोपी युवक ने पीड़ित लोगों से कमीशन के तौर पर कुल पांच लाख रुपये ले लिए। लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवारों के खाते में पैसे नहीं आए। जिसके बाद पीड़ित लोगों ने दो दिन पूर्व आरोपी युवक से खाते में पैसे आने की बात पूछी। जिस पर आरोपी युवक ने पीड़ित लोगों को संतोष जनक जवाब नहीं दिया। पीड़ित लोगों को खुद के साथ ठगी का एहसास हुआ।
वहीं, मंगलवार को पीड़ित लोगों ने आरोपी युवक को किसी बहाने कंकरखेड़ा बुला लिया। जहां लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया। दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी होने लगी। आरोपी युवक ने मौके से भागने का प्रयास किया। लेकिन भीड़ ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया।
सूचना पर डायल 112 व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी युवक को लेकर थाने आ गई। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ में जुटी है। पीड़ित लोगों ने तहरीर देते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, लोगों ने एक महिला पर भी आरोपी युवक का साथ देने का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें: थाने में बैठी पंचायत: पहले लूटी आबरू, फिर गले में जयमाला डाल लिए सात फेरे, आरोपी बोला- कोर्ट मैरिज भी करूंगा
यह भी पढ़ें: युवती के अश्लील फोटो वायरल: पंचायत के फरमान ने हैरत में डाला, थाने पहुंचा मामला, पुलिस ने लिया ये एक्शन