यूपी में बढ़ रहा कोरोना का खौफ, महिला बोलीं- मुझे लग रहा डर, जांच कराओ डॉक्टर साहब
यूपी के शामली में एक महिला ने खुद में कोरोना के लक्षण बताए हैं। महिला ने कहा कि डॉक्टर साहब मेरी जांच कराओ।
विस्तार
कोरोना का खौफ किस कदर हावी हो गया है इसका अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि शामली सीएचसी में पति के साथ पहुंची महिला ने खुद में कोरोनावायरस के लक्षण बता दिए। तीन दिन से बुखार, नजला, जुकाम और गला खराब से पीड़ित महिला का चेकअप कराया। चिकित्सकों ने सीजनल इनफ्लुएंजा और कॉमन कोल्ड बताया लेकिन दंपती कोरोना की जांच कराने पर अड़ गया। इस पर महिला को मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार दोपहर शामली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक अपनी 35 वर्षीय पत्नी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उपचार कराने पहुंचा। चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेंद्र कुमार को युवक ने बताया कि उसकी पत्नी को तीन दिन से तेज बुखार, खांसी, जुकाम और गला खराब होने से सांस लेने की समस्या है। कोरोना होने का शक जताते हुए जांच की मांग की। डॉक्टर ने जांच के बाद महिला को सीजनल इनफ्लुएंजा और कॉमन कोल्ड होना बताया। कोरोना के लक्षण होने से इनकार किया। जांच के बाद पति संतुष्ट नहीं हुआ। शक को दूर करने के लिए कोरोना की जांच कराने की जिद पर अड़ गया।
इसके बाद डॉक्टर ने महिला को जांच के लिए मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया। डॉक्टर विजेंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला में कोरोना जैसे लक्षण नहीं मिले हैं। महिला को सीजनल इनफ्लुएंजा और कॉमन कोल्ड है। महिला के फेफड़े भी सही पाए गए हैं।
यह भी पढ़ें: मेरठ में भाई-बहन सहित तीन लोगों में कोरोनावायरस जैसे लक्षण, एक माह पहले गए थे चीन, सैंपल दिल्ली भेजे
परिवार ने नहीं की कोई विदेश यात्रा
एपिडेमियोलोजिस्ट डॉ. शाइस्ता ने बताया कि कोरोना को लेकर वे संदेह के दायरे में आते हैं, जिसने विदेश यात्रा की हो या किसी विदेशी यात्री से संपर्क किया हो। इसके बाद उसमें कोरोना जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे संदिग्ध मानते हुए जांच कराई जाती है। शुक्रवार को जिस महिला को जांच के लिए मेरठ भेजा गया है, उसे तीन दिन से बुखार, जुकाम, खांसी और गले में समस्या तो है लेकिन परिवार के किसी सदस्य ने न तो विदेश यात्रा की और न ही विदेशी यात्री के संपर्क में आए हैं।
दंपती को दिया थ्री लेयर मास्क
शामली सीएचसी से दंपती को थ्री लेयर मास्क उपलब्ध कराए। बताया गया कि मास्क लगाएं और मेरठ मेडिकल जाकर जांच करा लें। युवक ने बताया कि गांव में खेती का कार्य करता है। पहले ढाबा चलाने की भी बात कही, लेकिन बाद में कहा कि अब ढाबे से उसका कोई संपर्क नहीं रहता।
सीएमओ डॉ. संजय भटनागर ने बताया कि महिला मरीज अपने पति के साथ सीएचसी पर पहुंची थी। महिला बुखार, खांसी और जुकाम से पीड़ित थी। जांच में महिला को सीजनल इनफ्लुएंजा होने की शिकायत पाई गई। कोरोना जैसे कोई लक्षण नहीं मिले। संतुष्टि के लिए महिला को मेरठ मेडिकल रेफर किया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/