डाक कांवड़ लेने जा रही शिवभक्तों की ट्रॉली नहर में गिरी, तीन की मौत, कई घायल
बरेली से हरिद्वार डाक कांवड़ लेने जा रही शिवभक्तों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पूर्वी गंगनहर में गिर गई। इससे तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि आठ घायल हो गए। हादसे के बाद पहुंचे क्षेत्रीय सिखों ने नहर से दो दर्जन शिवभक्तों को सकुशल बचा लिया।
दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब आठ बजे नजीबाबाद-हरिद्वार बाईपास मार्ग पर गांव गुलालवाली के निकट हुई। बरेली से हरिद्वार डाक कांवड़ लेने जा रही शिवभक्तों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक संतुलन बिगड़ने से पूर्वी गंगनहर में गिर गई। इससे बरेली के थाना कलारा के गांव भोजीपुरा निवासी सालिगराम (60), कलारा निवासी उमेश उर्फ दयाशंकर (25) पुत्र तेजराम और प्रेमपाल पुत्र दीनदयाल (25) की मौत हो गई। प्रेमपाल दिव्यांग था। महेंद्रपाल पुत्र भानुप्रताप (34) लापता बताया गया है। उसकी तलाश की कोशिश जारी है।
जान पर खेलकर बचाई कई कांवड़ियों की जान
गंगनहर में गिरने के बाद छटपटा रहे शिवभक्तों के लिए गांव गुलालवाली के सिख दूवदूत बनकर पहुंचे। उन्होंने अपनी जान पर खेलकर शिवभक्तों को पूर्वी गंगनहर में डूबने से बचा लिया। प्रशासन ने इन सिखों को सम्मानित करने की घोषणा की है। गुलालवाली के पूर्व प्रधान जगविंदर सिंह सोमवार सुबह यमुनानगर के लिए निकले थे। पूर्वी गंगनहर बाईपास मार्ग पर कांवड़ियों की चीख-पुकार सुनकर वे घटनास्थल पर पहुंचे तो शिवभक्तों के वाहन को नहर में गिरा देखा। बिना किसी का इंतजार किए उन्होंने अकेले ही शिवभक्तों की मदद शुरू कर दी। संकट में फंसे शिवभक्तों की तादाद ज्यादा थी। ऐसे में उन्होंने गांव में खबर भेजकर तत्काल मौके पर पहुंचने को कहा। चंद मिनटों में ही घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर स्थित गांव गुलालवाली से सिंदर सिंह, कुलविंदर सिंह, सरबजीत सिंह, अमृतपाल सिंह, सुखजिंदर सिंह, लखविंदर सिंह सहित कई सिख घटनास्थल पर पहुंच गए।
रोडवेज बस की टक्कर से चार कांवड़िए घायल
रोडवेज बस की साइड लगने से दो बाइकें दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। हादसे में बाइक सवार चार कांवड़िए गंभीर घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को चिंताजनक हालत में मेरठ रेफर किया गया है। उधर, नजीबाबाद में ई-रिक्शा की टक्कर से घायल हुए एक कांवड़िए को घर भेज दिया गया है।
नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर भागूवाला क्षेत्र में मंगलवार सुबह रोडवेज बस की साइड लगने से दो बाइकें दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद चालक बस को भगाकर ले गया। क्षेत्रवासियों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर ले जाया गया। नोएडा सेक्टर-51 के होशियारपुर निवासी घायलों 20 वर्षीय सोनू, 22 वर्षीय कुलदीप पुत्रगण लल्लन, 17 वर्षीय देवेंद्र पुत्र शंकर और 18 वर्षीय लल्लन पुत्र पवन को समीपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत चिंताजनक होने पर चारों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यहां भी उपचार से हालत में सुधार न होने पर कांवड़ियों को मेरठ ले जाया गया। घटना की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी गई थी।
उधर, सोमवार शाम नजीबाबाद से गुजर रहा एक बाइक सवार कांवड़िया ई-रिक्शा की टक्कर से गिरकर घायल हो गया। मिलक (रामपुर) निवासी कांवड़िए शिवेंद्र के पांव में फ्रेक्चर होने पर पुलिस ने डॉ. अतुल बहादुर से उसे उपचार दिलाया। बाद में उसे वापस घर भेज दिया गया। दो दिन में कांवड़ियों के साथ कई घटनाएं होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मची रही।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/