यूपी: भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान, मलबे में दबकर मासूम की मौत, हो सकता था बड़ा हादसा
शामली जनपद के हींड गांव में मंगलवार को एक दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। इस दौरान लिंटर की चपेट में आने से जहां एक बच्चे की मौके पर मौत हो गई, वहीं दूसरे को घायल अवस्था में कस्बे के सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ सहित पुलिस व मेडिकल की टीम मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। बाद में परिजनों ने मृतक बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
बता दें कि घटना के वक्त घर में परिवार के 40 सदस्य मौजूद थे। क्षेत्र के गांव हींड निवासी हाजी आकिल की मृत्यु हो चुकी है। घर में उसके सात पुत्र गय्यूर अली, सत्तार, दिलशाद, आरिफ, गुलबहार, आसिफ व प्रवेज अपने-अपने पत्नी व बच्चों के साथ रहते हैं। घटना मंगलवार की है। अचानक से मकान की छत भरभराकर गिरनी शुरू हो गई। इससे परिजनों ने शोर मचाते हुए घर से भागना शुरू कर दिया। हालांकि, लिंटर गिरने तक लगभग पूरा परिवार बाहर निकल आया। लेकिन, परिवार के दो बच्चे अंदर ही रह गए। जिस कारण वह मलबे के नीचे दब गए। इस पर परिजनों ने मिट्टी हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। इस दौरान एक बालक फैजान (4 वर्ष) पुत्र आरिफ की मलबे के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बालक जैद (ढाई वर्ष।) पुत्र आसिफ घायल हो गया।
उधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को उठाकर कस्बे के सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। बच्चे की मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। जबकि, दूसरी तरफ शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।
हो सकता था भयानक हादसा
जिस वक्त छत नीचे गिरी तो लिंटर को गिरने में पांच से दस मिनट लगी। इसमें परिवार को घर से निकलने का समय मिल गया। चूंकि, उस वक्त घर में करीब 40 सदस्य थे और यदि लिंटर एकदम से नीचे आकर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मकान गिरने से एक बालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। साथ ही मुआवजे के लिए प्रशासन से गुहार लगाई है। पुलिस व प्रशासन मामले में उचित कार्रवाई कर रहे हैं। - सुरेंद्र यादव, पुलिस उपाधीक्षक
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/