मऊ। मैन मेड टेक्सटाइल्स रिसर्च एंड मार्केटिंग एसोसिएशन की ओर से उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन की अध्यक्षता में उद्यमियों, व्यापारियों और निर्यातकों की बैठक रविवार को जिला उद्योग केंद्र में हुई। इसमें एक जिला एक उत्पाद के तहत टेस्टिंग केंद्र, डिजाइन सेंटर आदि की स्थापना पर विचार किया गया। इस पर सभी ने सहमति जताई। उपायुक्त राजेश रोमन ने कहा कि ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत उद्यमियों, व्यापारियों, एक्सपोर्टरों को जोड़ना है। सभी की सहमति मिल जाने से जनपद में ही टेस्टिंग केंद्र, डिजाइन सेंटर, ड्राइंग आदि स्थापित होने से बुनकरों को उत्पाद का उचित मूल्य मिल सकेगा। सभी सुविधा जनपद में ही मिलने पर कारोबार की रफ्तार तेज होगी। एक्सपोर्टरों तथा उद्यमियों की सहमति मिलने के बाद अब एक जिला एक उत्पाद के क्रियान्वयन की प्रक्रिया तेज होगी। संजय खंडेलवाल ने कहा कि टेस्टिंग सेंटर सहित सभी सुविधाएं मिलने से साड़ी व्यवसाय को गति मिलेगी। क्वालिटी चेक होने में काफी समय लग रहा है। डिजाइन सेंटर खुल जाने से लोगों को एडवांस डिजाइन मिलने से उत्पाद का उचित मूल्य मिल सकेगा। कहा कि मार्केंटिंग सेंटर न होने से उत्पाद का उचित मूल्य नहीं मिल पाता है। लेकिन अब जिले में ही सभी सुविधाएं शुरू होना साड़ी कारोबार के लिए मील का पत्थर साबित होगा। बैठक को डॉ. जावेद, अमित मौर्य, जावेद, सन्नी मद्धेशिया, श्रवण मद्धेशिया, विनय राय, परवेज आदि शामिल रहे।