मुहम्मदाबाद गोहना। मऊ-आजमगढ़ रेल मार्ग के बीच मुहम्मदाबाद रेलवे स्टेशन के पश्चिम अलाउद्दीन पट्टी में लक्ष्मण पट्टी गांव के पास स्थित 17 सी रेल क्रॉसिंग को रेल महकमा द्वारा बंद कर दिया गया है। इस जगह अंडरपास की मांग को लेकर रविवार को क्षेत्रीय ग्रामीणों ने संजय यादव के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के धरना की सूचना पर आजमगढ़ से पहुंची आरपीएफ ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण अंडरपास बनाने की मांग पर अड़े रहे और शांतिपूर्ण तरीके से धरना का आश्वासन देने पर आरपीएफ वापस चली गई। धरना का नेतृत्व कर रहे लक्ष्मण पट्टी गांव निवासी संजय यादव ने कहा कि अलाउद्दीन पट्टी गांव के मौजा लक्ष्मण पट्टी में मुहम्मदाबाद गोहना आजमगढ़ रेल मार्ग पर काफी साल पुराना रेल क्रॉसिंग है। इस बीच 2020 में कोरोना काल के लाकडाउन पीरियड में रेल विभाग ने क्रासिंग को दोनों तरफ खोदकर बंद कर दिया। कहा कि क्रॉसिंग की जगह अंडरपास बनाने की मांग को लेकर ग्रामीण रेल महाप्रबंधक, डीआरएम को कई बार पत्र भेजा लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आवागमन की समस्या को देखते हुए उक्त स्थान पर अंडरपास को लेकर धरना दिया जा रहा है। कहा कि रेल अधिकारियों ने मांग नहीं माना तो इस मामले को उच्च न्यायालय में ले जाया जाएगा। बताया कि क्रासिंग समाप्त होने से सूतरही, अलाउद्दीनपत्ति, टड़वा, कादीपुर, नराव सहित आधा दर्जनो गांव के लोगों को आवागमन में समस्या आ रही है। किसानों का ट्रैक्टर, कटाई, मड़ाई, बुवाई आदि के लिए खेतों तक ले जाना काफी मुश्किल हो रहा है। धरना पर बैठने वाले प्रमुख रूप से ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिव प्रसाद यादव, संजय कुमार, रामध्यान यादव, कोमल यादव, महेंद्र गौड़, शिवमूरत, आदि शामिल रहे।