कोपागंज। जर्जर तारों के चलते हो रही आग की घटनाओं से नाराज फिरोजपुर गांव के लोगों ने सोमवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने गेहूं की फसल जलने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फिरोजपुर के लोगों ने रविवार को विद्युत तारों की स्पार्किंग से जली गेहूं की फसल जलने के विरोध में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि बीते रविवार को आगलगी की घटना के पीछे खेतों से गुजरी 33 हजार हाईटेंशन तार है। नीचे लटकते तारों से निकली चिंगारी से सैकड़ों बीघा में खड़ी फसल जलकर राख हो गई। शिकायत के बाद भी विभाग की ओर से तार नहीं कसा गया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मुआवजा दिलाने की मांग की। प्रदर्शन में संजय सिंह, विजय, मंगल, कृष्णा, दिनेश पांडेय, पारस नाथ सिंह, दिनेश, रमेश, अभय, निर्भय, रमन पांडेय आदि मौजूद रहे।