Mau: इनवर्टर में लगी आग की जद में आए दो दुकान, लाखों का सामान जलकर खाक, बाजार में हड़कंप
मऊ जिले के शारदा बाजार में शनिवार की सुबह इनवर्टर में लगी आग ने जनरल स्टोर और कपड़े के एक शो रूम को अपने जद में ले लिया। जबतक आग पर काबू पाया जाता तब तक दोनों दुकानों में रखा लाखों का सामान जल गया। घटना में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान की आशंका है।
विस्तार
मऊ जिले के शारदा बाजार में शनिवार की सुबह इनवर्टर में लगी आग ने जनरल स्टोर और कपड़े के एक शो रूम को अपने जद में ले लिया। हवा ने आग को बढ़ाने का काम किया। सूचना पर करीब 45 मिनट बाद फायर बिग्रेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। जबतक आग पर काबू पाया जाता तब तक दोनों दुकानों में रखा लाखों का सामान जल गया।
घटना में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान की आशंका है। जानकारी के अनुसार दोहरीघाट थाना क्षेत्र के उसरी बुजुर्ग निवासी शिव कुमार की दोहरीघाट कस्बा के शारदा बाजार में जनरल स्टोर की दुकान है। शनिवार सुबह वह रोज की भांति नौ बजे पहुंचा। करीब 11 बजे बिजली कटने पर इनवर्टर ऑन किया।
ये भी पढ़ें: बस-ट्रक की भीषण टक्कर में वृद्धा की मौत, 20 अन्य बुरी तरह घायल, मौके पर मची चीखपुकार
धुआं और आग की लपटों से मची अफरातफरी
इनवर्टर ऑन होते ही आग लग गई। शिव कुमार जब तक कुछ समझ पाता आग तार के सहारे फैलने लगी। देखते ही देखते पूरे दूकान में आग लग गई। शिवकुमार शोर मचाता रहा। इस दौरान हवा के झोंकों ने आग में घी का काम किया। उसरी बुजुर्ग निवासी अमरजीत की कपड़े की दुकान में भी आग लग गई।
दुकानों से उठता धुआं और आग की लपटों को देख लोग दहशत में आ गए। बाजार में हड़कंप की स्थिति हो गई। दुकानदारों ने दुकानें बंद किया और आग बुझाने में जुट गए। सूचना के करीब 45 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। तबतक आग पर काबू पाया जा चुका था।
पीड़ित दुकानदार शिवकुमार ने बताया कि घटना में 25 हजार कैश और करीब पांच लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। वहीं दूसरे दुकानदार अमरजीत ने बताया कि आग में करीब चार लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।