रतनपुरा / हलधरपुर। प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में स्थित दयाल गेटवे में रविवार को प्रगति 2026 आत्मसम्मान से समानता तक एवं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन हुआ। इसमें प्रतिभाग करने पहुंची रतनपुरा ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय कइयां की छात्राओं के योग प्रदर्शन को खूब सराहना मिली।
इस दौरान मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बेसिक शिक्षा संदीप सिंह रहे। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्रा अंजलि ने शिव तांडव स्त्रोत का वाचन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। टीम के साथ प्रमुख रूप से अनिल कुमार चौरसिया, अंजनी कुमार सिंह, आभा त्रिपाठी, अनीता यादव रहीं। एडी बेसिक आजमगढ़ मंडल मनोज कुमार मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने टीम के अच्छे प्रदर्शन पर बधाई दी।