मऊ में मिले 14 कोरोना पॉजिटिव में से एक को लेने गई टीम पर पथराव, धारदार हथियार को देख मेडिकल टीम ने भागकर बचाई जान
मऊ जिले में शुक्रवार को 14 कोरोना संक्रमितों के मिलने से जहां स्वास्थ्य विभाग के साथ जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। वही दोपहर में पॉजिटिव मरीज को उठाने गई स्वास्थ्य टीम पर कुछ मनबढो ने ईंट-पत्थर और असलहे से लैस होकर हमला कर दिया। घटना में फार्मासिस्ट प्रमोद दुबे गंभीर रूप से घायल हुए। मेडिकल टीम ने मौके से भागकर जान बचाई। समाचार लिखे जाने तक घायल के साथ स्वास्थ्य टीम थाने में मौजूद थी।
मऊ शहर में बीते एक सप्ताह से कोरोना का संक्रमण तेजी से फैला है। इस दौरान शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में 14 संक्रमित मिले। इन संक्रमितों में एक मरीज दक्षिण टोला थाना क्षेत्र का शामिल है। दोपहर को पॉजिटिव मरीज को ले जाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के मदनपुरा मोहल्ले में पहुंची।
टीम में शामिल डॉक्टर एमए खान ने बताया कि जैसे ही संक्रमित मरीज को एंबुलेंस में लेकर हम लोग चलने को हुए, तभी युवक के परिवारीजन सहित अन्य ने स्वास्थ्य टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों के हाथों में चाकू, चापड़ के अलावा अन्य असलहे देख मेडिकल टीम बचाने के लिए भागी। पत्थर लगने से फार्मासिस्ट प्रमोद दुबे का सिर फट गया।
साथ ही अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों को चोटें आई। स्वास्थ्य टीम भागकर दक्षिणटोला थाने पहुंची थी। जहां पुलिस उनकी मदद में जुटी थी। घायल फार्मासिस्ट की तहरीर पर दो नामजद और कई अज्ञात पर हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और सीएलए एक्ट की धारा में केस दर्ज कर दो आरोपियों को पकड़ लिया गया।
दो नामजद तथा कई अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। पुलिस दो आरोपियों को पकड़ कर पूछताछ कर रही है। अन्य की तलाश में पुलिस टीम रवाना की गई है। - त्रिभुवननाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक